आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग में सोमवार को अलग-अलग आदेश जारी कर
प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने चार जिलों में नए जिला विद्यालय निरीक्षकों की तैनाती की है। इस फेरबदल के तहत महराजगंज, औरैया, हाथरस और अमरोहा को नए डीआइओएस मिले हैं। वहीं, बहराइच के जिला विद्यालय निरीक्षक सदानन्द को पदोन्नति देते हुए मंडलीय उप शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, रजनी मिश्रा को महराजगंज का नया प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया है। इससे पहले वह लखनऊ के नरही स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थीं। वहीं मायाराम को औरैया का नया प्रभारी डीआइओएस नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सहारनपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में उप प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे।
इसी तरह हर्ष देव स्वामी को हाथरस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इससे पहले शाहजहांपुर के राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे। वहीं, पशुपति नाथ मिश्रा को अमरोहा का प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया है। इससे पहले वह लखनऊ स्थित जिला कार्यक्रम शिक्षा निदेशालय (माध्यमिक) में वित्त अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
बहराइच के DIOS को मिली पदोन्नति
इसके अलावा बहराइच के जिला विद्यालय निरीक्षक सदानन्द को मण्डलीय उप शिक्षा निदेशक (मा.) आगरा एवं मण्डलीय उप शिक्षा निदेशक (मा.) अलीगढ़ बनाया गया है। साथ ही उन्हें प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, अलीगढ़ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, झांसी/चित्रकूट के उप शिक्षा निदेशक (मा.) राजेश कुमार वर्मा को प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, झांसी एवं मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, चित्रकूट का अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 11 PCS अफसरों का तबादला, संजय कुमार बनें अपर नगर आयुक्त लखनऊ नगर निगम
सभी आदेश उप सचिव चन्द्र श्याम मिश्रा की ओर से जारी किए गए हैं। शासनादेश के अनुसार, संबन्धित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती के पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना कार्यभार ग्रहण किए अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण आदेश का पालन न करने पर संबंधित कार्मिक को कार्यमुक्त न किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में दो IPS अफसरों का तबादला, नोएड व कानपुर नगर के बदले JCP




















