अखिलेश का हमला, आम जनता के मुद्दों पर बहस करने से डरती है भाजपा

यशवंत सिन्हा

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दीं है। इस बीच गुरुवार को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आम जनता के मुद्दों पर बहस करने से भारतीय जनता पार्टी डरती है। साथ ही अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2022 में जनता की सरकार बनने जा रही है।

सपा मुखिया ने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के अंदर खेमे में जंग चल रही है। दूसरों के घरों में देखने वालों के घर में झगड़ा हो गया है। ये जनता को फेस नहीं कर सकते हैं इसलिए जानबूझकर घर का झगड़ा दिखा रहे। ये लोग अंदर-अंदर एक दूसरे के साथ हैं। जो समीक्षाएं हो रही हैं वह हवाबाजी है’।

वहीं सवाल करते हुए अखिलेश ने कहा, ‘अपने वादों की भाजपा आखिरकार कब समीक्षा करेगी? जब दिल्ली और लखनऊ में सरकार है तो नौकरी, रोजगार की समीक्षा क्यों नहीं हो रही है? कोविड-19 की समीक्षा क्यों नहीं हो रही? अर्थव्यवस्था की समीक्षा क्यों नहीं हो रही? किसानों के मुद्दे की समीक्षा क्यों नहीं हो रही है?

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, साढ़े चार साल की सरकार में अराजकता की भेंट चढ़ गया उत्तर प्रदेश

इतना ही नहीं इन्वेस्टमेंट के जो वादे हुए थे उसका क्या हुआ? मां गंगा की सफाई का जो वादा था उसकी समीक्षा क्यों नहीं हो रही है? ‘सस्ती बिजली का इंतजार अभी तक सब लोग कर रहे हैं। अस्पतालों के बुरे हाल कर दिए हैं। भाजपा के लोग अपने किए वादों की समीक्षा से डरते हैं। सपा सुप्रीमो ने आगे कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता से बड़ी पार्टी नहीं है। 2022 में जनता जवाब देने के लिए बैठी है। कोरोना में कोई ऐसा परिवार नहीं है जिसकी जान ना गई हो। लोगों की नौकरियां गई हैं। अब जनता इनको हटाना चाहती है।’

इस दौरान यूपी में वैक्सीनेशन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि सबको वैक्सीन लगानी चाहिए। कोरोना संक्रमण की तीसरी वेव आएगी या नहीं, ये तो एक्सपर्ट बताएंगे। कोविड से बचने का एक ही तरीका है कि वैक्सीन लगवाएं। अखिलेश ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश की जनता को वैक्सीन लग जाए तो आखिरी वैक्सीन मैं लगवा लूंगा। अगर यह नहीं लगा सकते तो सपा की सरकार आएगी तो हम सबको वैक्सीन लगवा देंगे।’

यह भी पढ़ें- अखिलेश का हमला,कोरोना से मौत के आंकड़े नहीं, अपना मुंह छिपा रही योगी सरकार