राम जी के पांच पिता वाले धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर बोले अखिलेश, ये अभद्रता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। धीरेंद्र शास्त्री के भगवान राम के “पांच पिता” वाले विवादित बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐतराज जताया है। साथ सपा मुखिया इसे ‘सनातन विरोधी’ गतिविधि करार दिया है। अखिलेश ने कहा कि भगवान राम और उनके पिता राजा दशरथ पर इस तरह की अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही धीरेंद्र शास्त्री के सभी आगामी कार्यक्रमों को तुरंत रद्द करने की मांग की है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पर धीरेंद्र शास्त्रीय का वीडियों पोस्टकर कहा ‘ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।’

सपा सुप्रीमो ने आगे कहा कि ‘सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।’ अखिलेश की इस प्रतिक्रिया के बाद धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर राजनीतिक और धार्मिक बहस तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें- निवेश का झूठा प्रचार करती है भाजपा सरकार, अखिलेश ने साधा योगी आदित्‍यनाथ पर निशाना

गौरतलब है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान चर्चा में है, जिसमें वह भगवान राम के पांच पिता होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, ‘राम जी के पांच बाप थे।’ उन्होंने इस बात को दोहराते हुए कहा कि राम जी के पांच पिता हैं और इसे स्वीकार करना मुश्किल है, लेकिन यह सत्य बात है। उन्होंने आगे कहा कि यह बात किसी लेख में नहीं मिलेगी और यह भी नहीं पूछना चाहिए कि किस लेख में है।

दशरथ जी के प्राण चले गए, लेकिन…

वहीं अपने बयान में धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम के पिता राजा दशरथ का भी जिक्र किया। साथ ही कहा कि दशरथ जी के प्राण चले गए, लेकिन राम जी ने उनकी अंत्येष्टि क्रिया नहीं की। इसी संदर्भ में धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम के पांच पिता होने की बात कही। उनका यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव का CM योगी पर पलटवार, भाजपा के P का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’