सपा कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, 2024 में संविधान-लोकतंत्र बचाने की है अंतिम लड़ाई, नहीं रहनी चाहिए कोई कमी

संविधान लोकतंत्र बचाने
सपा नेताओं के साथ बैठक करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को सत्‍ता से हटाने के लिए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने आज कार्यकर्ताओं में जोश भरा। अखिलेश ने भाजपा व मोदी सरकार पर निशाना साधने के साथ ही सपा कार्यकर्ताओं से कहा कि 2024 में संविधान व लोकतंत्र बचाने की अंतिम लड़ाई होने जा रही है, ऐसे में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। मोदी सरकार को केंद्र से हटाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पीडीए उम्‍मीदवार को जिताना जरूरी है।

शनिवार को सपा मुख्‍यालय पर आयोजित पार्टी की बैठक में अखिलेश ने कहा कि भाजपा प्रबंधन का षड्यंत्र कर लोकतंत्र के खिलाफ साजिश करने में लगी रहती है। उसकी नीतियां जनविरोधी हैं और लगातार वादाखिलाफी कर उसने जनता को अपने खिलाफ कर लिया है।

पीडीए के सामने भाजपा-एनडीए नहीं टिक सकती

यूपी के पूर्व सीएम ने दावा किया कि पीडीए के एजेंडा के सामने भाजपा-एनडीए टिक ही नहीं सकती है। भाजपा को जनता इस बार करारा जवाब देगी। तर्क देते हुए अखिलेश ने आगे कहा कि महंगाई और बेरोजगारी भाजपा सरकार की कुनीतियों का फल है। भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सिर्फ झूठे दावों और झूठे आंकड़ों के सहारे विकसित भारत का सपना दिखा रही है।

देश पांचवी अर्थव्यवस्था तो 80 करोड़…

नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का दावा है कि विश्व में भारत की पांचवी अर्थव्यवस्था है। यदि देश पांचवी अर्थव्यवस्था के पायदान पर है तो फिर 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन क्यों देना पड़ रहा और किसान कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या क्यों कर रहा है? भाजपा सरकार ने किसान की आय दुगनी करने का वादा किया था। आज तक उसने अपना ‘संकल्प‘ पूरा नहीं किया? इसकी जगह भाजपा ने किसान के उपयोग में आने वाली खाद-बीज, बिजली सब महंगी कर दी।

जनता ने समाजवादी सरकार बनाने के लिए वोट दिया, भाजपा ने…

इस दौरान ईवीएम व चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के साथ ही योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए अखिलेश ने दावा किया 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी सरकार बनाने के लिए वोट दिया था। भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग करके जनता के साथ विश्‍वासघात किया। जनता भाजपा की चालाकियां अच्‍छी तरह समझ चुकी है, अब 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सरकार जनता दोबारा नहीं बनने देगी। जनता इस बार पूरी ताकत से समाजवादी पार्टी को विजयी बनाएगी।

इस दौरान सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्‍तम पटेल समेत अन्‍य सीनियर लीडर भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का दावा, बीजेपी के बिखर रहें वोट सहेजने के लिए मोदी सरकार दे रही आडवाणी को भारत रत्‍न