भाजपा सरकार के झूठे दावों व महिलाओं के प्रति दिखावटी सरोकार की कलई खोल रही NCRB की रिपोर्ट: अखिलेश

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्‍यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट आने के बाद यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है। मंगलवार को अपने एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है, कोई भी कहीं भी मारा जा सकता है। महिला उत्पीड़न सबसे ज्यादा है। निर्दोष एनकाउंटर में मारे जा रहे हैं। लगता है पूरी व्यवस्था ध्वस्त है।

अखिलेश ने आगे कहा कि केंद्र सरकार के गृह विभाग की एनसीआरबी ने दो सालों के बाद अपराध का जो ब्योरा प्रकाशित किया है, उसके अनुसार उत्तर प्रदेश महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में शीर्ष पर है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के देश भर में 3,59,849 मामले दर्ज हुए, जबकि अकेले उत्तर प्रदेश 56,011 मामलों के साथ शीर्ष पर रहा। यूपी में अपहरण, बलात्कार के मामलों में भी वृद्धि हुई है। स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का भारी संकट है। ये रिपोर्ट भाजपा सरकार के झूठे दावों व महिलाओं के प्रति दिखावटी सरोकार की कलई भी खोल रही है।

कर्ज-बेकारी से परेशान किसान-युवा दे रहें जान

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा राज में किसान और नौजवानों का कोई पुरसाहाल नहीं है। कर्ज और बेकारी से परेशानी में आत्महत्या का रास्ता ही उन्हें सूझता है। भाजपा नेतृत्व रामराज्य की बात तो करते है, लेकिन यथार्थ में असहमति की कहीं भी आवाज उठती है तो उसे देशद्रोह मान लिया जाता है।

नोटबंदी-जीएसटी ने चौपट करक दिया व्यापार

वहीं मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए सपा अध्‍यक्ष आज बोले कि भाजपा सरकार में विकास की कोई चर्चा नहीं होती है। देश की अर्थव्यवस्था चिंताजनक स्थिति में है। नोटबंदी और जीएसटी ने व्यापार और उद्योग-धंधो को चौपट करक दिया है।

यह भी पढ़ें- सैकड़ों समर्थकों के साथ BSP के पूर्व विधायक ने ज्‍वाइन की सपा, नए साथियों का वेलकम कर अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना