आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सूबे की राजधानी दिल्ली समेत देशभर में लोगों में आक्रोश है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी व सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव समेत अन्य विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में लखनऊ में आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। सपाईयों ने हजरतगंज में प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार, भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जिसके बाद बलप्रयोग कर पुलिस ने सपाईयों जबरन गाड़ी में भरा।
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश से इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, तब तक सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। सपाई हाथ में पोस्टर लिए सड़क बैठ गए, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोका।
इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए हजरतगंज क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति रही।
वहीं प्रदर्शन कर रहे मोहम्मद अजीम इरम ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या की है। करोड़ों वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई है। उनका आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके इशारे पर पूरा चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग पर सवाल उठा अखिलेश ने किया बंगाल की वोटिंग फुटेज जारी करने की मांग
इसके अलावा प्रवेश यादव ने कहा कि हम लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए सड़क पर उतरे हैं। हमारे नेता अखिलेश यादव को हिरासत में लिया गया है। हम सभी लोग जेल भरो आंदोलन चलाएंगे। जब तक ज्ञानेश कुमार का इबस्तीफा नहीं हो जाता, हम शांत नहीं बैठेंगे।
गौरतलब है कि दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया।




















