आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे के मामले पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने योगी सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए हैं। सपा मुखिया ने कहा कि पुलिस श्रद्धा को पकड़ नहीं पा रही है और यह सामान्य मामला नहीं है। अखिलेश ने कहा कि कुछ चैनल श्रद्धा के साथ हैं, जबकि कुछ उसके खिलाफ हैं। उन्होंने मामले में न्याय की मांग करते हुए संकेत दिया कि यह प्रकरण सरकार के लिए भारी पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव का CM योगी पर पलटवार, भाजपा के P का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’
सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि शिवा शर्मा की मौत मामले को सामान्य घटना की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। साथ ही पूरी घटनाओं का जिक्रकर कहा कि एक बार गाड़ी नहीं पलटी थी, सरकार पलटने से बचाई थी। ये मामला भी सामान्य मामला नहीं है।’ सपा प्रमुख ने विकास दुबे के एनकाउंटर का जिक्र करते हुए योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
मिलावट पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की आय के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि किसानों की आय नहीं बढ़ी है। बेरोजगारी बढ़ रही है और लोगों का जीवनस्तर बेहतर नहीं हो रहा। अखिलेश ने बाजार में मांग कम होने का दावा करते हुए कहा कि लोगों की जेब में सामान खरीदने के लिए पैसा नहीं है, इसलिए बाजार में रौनक नहीं है। उन्होंने किसानों और व्यापारियों की परेशानी का भी जिक्र किया।
फ्रांस के आंदोलन का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर मिलावटखोरों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि फ्रांस जैसे विकसित देशों में भी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन हो रहे हैं। वहीं उन्होंने भारत में चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि यहां लोग लोकतंत्र और वोट बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
वोटर लिस्ट व चुनाव आयोग पर भी निशाना
भाजपा पर बूथ स्तर पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई वोट बनाए जा रहे हैं। आगे कहा कि जब भाजपा फंसती है तो अलग-अलग तरह के आरोप लगाती है। उन्होंने वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरते हुए सवाल किया कि अगर आयोग से सवाल पूछे जा रहे हैं तो भाजपा उसे बचाने के लिए क्यों आगे आती है। अखिलेश ने चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल उठाए।
संविधान दिवस पर प्रण पत्र जारी करेगी सपा
संविधान को समाजवादी पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि संविधान उनका प्राण है। उन्होंने कहा कि पीडीए के लोगों ने संविधान बचाया है और सपा भी संविधान की रक्षा के लिए काम करेगी। अखिलेश के मुताबिक समाजवादी पार्टी संविधान दिवस के अवसर पर अपना प्रण पत्र जारी करेगी।




















