बोले अखिलेश लोकसभा चुनाव के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता, अफवाह और साजिश है भाजपा के हथियार

लोकसभा चुनाव की तैयारी
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से ही एक्‍शन में चल रही समाजवादी पार्टी ने आज एक बार फिर अपनी रणनीतियों पर मंथन किया। मुख्‍यालय पर बुलाई गई सपा कार्यकर्ताओं की बैठक में पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से न सिर्फ अभी से ही चुनाव में विजय हासिल करने की तैयारी में लग जाने को कहा, बल्कि भाजपा से सावधान रहने की भी हिदायत दी। इसके अलावा उन्‍होंने योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि अगली लड़ाई के लिए मजबूत तैयारी में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है। आने वाला समय देश के लिए महत्वपूर्ण होगा। हमारे पक्ष के वोट बर्बाद न हो इसकी सतर्कता बरतने के साथ ही अभी से तैयारी में जुट जाएं।

यह भी पढ़ें- आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अखिलेश ने बुलाई बैठक, जाने किन मुद्दों पर बनी रणनीति

वहीं योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार से दस माह में ही जनता का मोहभंग हो गया है। समाजवादी पार्टी जनता की पार्टी है जबकि भाजपा प्रबंधकीय पार्टी है। सपा का जनाधार गांव, गरीब और किसान है। जबकि भाजपा भ्रम फैलाकर चुनाव जीतने की कला में निपुण है। भाजपा समाज के सद्भाव को बिगाड़कर लोगों को धर्म-जाति में बांटती है। साजिश और अफवाह यही भाजपा के हथियार हैं। मूल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की ताकत भाजपा में है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा अपना काम भी तो करके दिखाए योगी सरकार

हमारे विरोध के बाद वापस हुआ बाइक पर टोल टैक्‍स लगाने का फैसला

वहीं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर योगी सरकार की ओर से पहले टोल टैक्‍स लगाने और फिर हटाने के फैसले पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने छोटी गाड़ियों और यहां तक कि दुपहिया वाहनों पर भी टोल टैक्स लागू कर दिया था। हमारे विरोध के बाद योगी सरका ने अपना फैसला वापस लिया। उन्‍होंने आज एक बार फिर कहा कि हमारा कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले 20 लाख रूपये तक के वाहनों पर कोई कर नहीं लगना चाहिए। भाजपा जन साधारण के हितों के बारे में नहीं सोचती है। समाजवादी सरकार बनने पर इसे लागू किया जाएगा। बैठक के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्‍तम पटेल, मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी समेत सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता व नेता भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए सपा ने अभी से किया प्रत्‍याशी घोषित