गुंडे-बदमाशों को अखिलेश सरकार का खुला संरक्षण: संतोष गंगवार

Santosh gangwar
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में संतोष गंगवार व अन्य। फोटो-आरयू

आरयू ब्‍यूरो।

लखनऊ। प्रदेश में उद्योग और व्यापार की वर्तमान स्थिति के लिए सपा व बसपा को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि 15 सालों के कुशासन व भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश का किसान, व्यापारी, नौजवान समेत सब बेहाल हैं। गुंडे-बदमाशों को अखिलेश सरकार का खुला संरक्षण है। ध्वस्त कानून-व्यवस्था और असुरक्षित माहौल के कारण छात्राओं का स्कूल जाना दूभर हो गया है और महिलाओं की आबरू खतरे में हैं।

जिन नेताओं को जेल में होना चाहिए सीएम उनके लिए मांग रहे वोट

सपा राज में विभागों में भर्तियां पैसा लेकर और जाति व धर्म के आधार पर की गईं। भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चरित्र दोहरा है। मुख्यमंत्री बलात्कार और खनन घोटाले के आरोपित मंत्री गायत्री प्रजापति, बलात्कार व हत्या के आरोपी सपा विधायक अरुण वर्मा को गिरफ्तार कराने के बजाए इन पर सहानुभूति और मेहरबानी लुटा रहे हैं। यह अखिलेश यादव का दोहरा चरित्र ही है कि जिन सपा नेताओं की जगह जेल के भीतर होनी चाहिए, उनके लिए वे वोट मांग रहे हैं।

जनता भाजपा को दिलाने जा रही पूर्ण बहुमत से विजय

आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए श्री गंगवार ने कहा कि जनता में सपा, बसपा व कांग्रेस को लेकर गुस्सा है और भाजपा का सुशासन व विकास के वादे पर भरोसा करते हुए जनता कमल के फूल को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाने की ओर बढ़ रही है।

कालेधन के खिलाफ बीजेपी ने चलाया अभियान

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार और गरीबी मिटाने के सफल कार्यक्रम का नतीजा है कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर न केवल लगाम लगाई है, बल्कि कालेधन के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान चलाकर देश को ईमानदारी के रास्ते पर ले जाने का प्रयास कर रही हैं।

गड़बड़ी करने वाले 800 बैंक मैनेजरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू

भ्रष्टाचार पर केंद्र सरकार के जीरो टालरेंस का नमूना यह है कि प्रधानमंत्री कार्यालय के पोर्टल पर नोटबंदी के बाद बैंक मैनेजरों द्वारा गड़बड़ी किए जाने की 800 शिकायतें आई थीं। सभी 800 मैनेजरों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।