आरयू वेब टीम। पूर्वोत्तर के राज्य असम में बुधवार बड़ा रेल हादसा हो गया। कोआ-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के बेपटरी होने की सूचना पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच और राहत बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हादसे के बाद इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। जबकि कई ट्रेनों को डायवर्ट भी करना पड़ा है।
मिली जानकारी के मुताबिक”आज सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। ये हादसा उस समय हुआ जब डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी गाड़ी को पहले लाने के लिए रिसीव किया जा रहा था। उसी समय कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस ट्रेन के लोको पायलट का स्पीड पर कंट्रोल नहीं रहा, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई।
ट्रेन के पटरी से उतने की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिसके बाद रेलवे और प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे, राहत टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में वंदे भारत का एक्सीडेंट, तेज रफ्तार ट्रेन की ट्रैक पर आई गाय, जोरदार टक्कर से यात्रियों में मचा हड़कंप
वहीं पैंट्री कार मैनेजर ने बताया कि ट्रेन के झटकों के कारण वह अपनी सीट से तीन बार नीचे गिर गए। डिब्बे का गेट खोलने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं खुला। इस दौरान ट्रेन में मौजूद सभी लोग घबराए हुए थे। करीब दस मिनट बाद ट्रेन रुकी, तब जाकर यात्रियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। साथ ही बताया कि हादसे के बाद पावर कार और इंजन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि “मैं सुबह की सैर पर निकला था, तभी मुझे इस हादसे के बारे में पता चला। मैं तुरंत मौके पर पहुंचा, जो डिगारू रेलवे स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूर है। वहां पहुंचने पर मैंने देखा कि ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सुनने में आया है कि ट्रेन के ब्रेक फेल हो गए थे। आस-पास कई घर थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए।



















