आरयू वेब टीम। देश में रेलवे की लापरवाही और मनमानी के चलते लगातार रेल हादसे हो रहें हैं। आज इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे डिवीजन के अंतर्गत लालखदान क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाला ट्रेन हादसा हो गया। हावड़ा रूट पर चल रही एक पैसेंजर ट्रेन की अचानक मालगाड़ी से आमने-सामने टक्कर हो गयी है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेमू ट्रेन के कई डिब्बे मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गये, रेल हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों यात्री घायल हुए हैं, घायलों में 17 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज शाम करीब चार बजे बिलासपुर स्टेशन से कुछ किलोमीटर दूर लालखदान के पास पैसेंजर मेमू ट्रेन अचानक मालगाड़ी से टकरा गई। बताया जा रहा है कि मेमू ट्रेन हावड़ा की ओर जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही मालगाड़ी से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मेमू ट्रेन का आगे का डिब्बा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मालगाड़ी के इंजन में भी गंभीर नुकसान पहुंचा।
रेल हादसे के बाद यात्रियों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें और धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। कई यात्री डिब्बों में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों ने आपातकालीन टीमों ने किसी तरह बाहर निकाला।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों की मानें तो घायलों के इलाज के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए। बिलासपुर के सरकारी और निजी अस्पतालों में विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की देखभाल कर रही है।
वहीं जिलाधिकारी बिलासपुर संजय अग्रवाल ने मीडिया को बताया है कि हादसे में आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 घायलों की हालत चिंताजनक है। उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इस दौरान रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि परिजन अपने यात्रियों की जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके अलावा, एनडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम्स मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत के लिए क्रेन और मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा।
यह भी पढ़ें- UP: मालगाड़ियों की भीषण टक्कर में लोको पायलट व गार्ड घायल, ट्रेन सेवाएं ठप
वहीं हादसे के कारण हावड़ा रूट पर ट्रेन परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ को वैकल्पिक रूटों से डायवर्ट किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और अपडेट्स के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ऐप चेक करने की अपील की है। प्रारंभिक जांच में सिग्नल फेलियर या मानवीय भूल को हादसे का कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमिटी गठित की गई है।
रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
चंपा जंक्शन- 808595652
रायगढ़- 975248560
पेंड्रा रोड- 8294730162
दुर्घटना स्थल पर उपलब्ध कराया गया हेल्पलाइन नंबर
9752485499
8602007202




















