रेलवे खत्म करेगा RAC सिस्टम, एक बर्थ पर दो यात्री को नहीं पड़ेगा बैठना

आरएसी

आरयू वेब टीम। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेल यात्रियों के लिए आने वाले समय में आरएसी टिकट की व्यवस्था में बदलाव हो सकता है। रेलवे बोर्ड आरएसी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर रहा है और इसे पूरी तरह खत्म करने समेत कई विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि अभी इस संबंध में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

आरएसी व्यवस्था में यात्रियों को एक बर्थ पर साझा सीट दी जाती है। मौजूदा व्यवस्था में दो यात्रियों को एक बर्थ साझा करनी पड़ सकती है। ऐसे में रेलवे के भीतर इस बात पर विचार किया जा रहा है कि यात्रियों को उनके भुगतान और मिलने वाली सुविधा के बीच बेहतर संतुलन कैसे दिया जाए। विचार किए जा रहे विकल्पों में पूरी बर्थ उपलब्ध कराना, आधी सीट के लिए कम किराया लेना और वैकल्पिक अपग्रेड व्यवस्था जैसे विकल्प शामिल बताए जा रहे हैं।

आरएसी व्यवस्था को लेकर सबसे बड़ा सवाल किराये से जुड़ा है। एक बर्थ दो यात्रियों के बीच साझा होने के बावजूद दोनों यात्रियों से मौजूदा व्यवस्था के तहत पूरा किराया लिया जाता है। ऐसे में रेलवे में यह सवाल उठ रहा है कि अगर यात्री को पूरी बर्थ की जगह केवल आधी सोने की जगह मिल रही है, तो उससे पूरा किराया वसूलने का औचित्य क्या है।

वहीं आरएसी में एक ही बर्थ दो यात्रियों को आवंटित होने की वजह से कई बार असहज स्थिति भी पैदा हो सकती है। खासतौर पर जब पुरुष और महिला यात्रियों को एक ही बर्थ साझा करनी पड़ती है, तो दोनों यात्रियों के लिए परेशानी की स्थिति बन सकती है। इसी तरह लंबी दूरी की यात्रा में एक बर्थ साझा करने से यात्रियों को सोने और आराम करने में भी दिक्कत होती है।
इसके अलावा आरएसी व्यवस्था को लेकर संसदीय समिति भी समीक्षा की सिफारिश कर चुकी है। अब रेलवे बोर्ड यात्रियों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। फिलहाल ये साफ नहीं है कि रेलवे आरएसी व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करेगा या इसमें कोई नया किराया और सीट आवंटन मॉडल लागू किया जाएगा। अंतिम फैसला होने के बाद ही यात्रियों को मिलने वाली सुविधा और किराए में बदलाव की तस्वीर साफ होगी।

यह भी पढ़ें- सैरांग एक्‍सप्रेस हुई दुर्घटनाग्रस्‍त, कई यात्री घायल, पटरी से उतरे ट्रेन के छह डिब्बे