आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में की सियासत में दलित और मुस्लिम वोट के नए गठजोड़ ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। यूपी चुनाव के मद्देनजर चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिला लिया है। साथ ही एआइएमआइएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन का नाम ‘ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ‘ रखा है।
यह भी पढ़ें- चंद्रशेखर ने किया खुलासा यूपी चुनाव में किस दल से करेंगे गठबंधन, भाजपा को लेकर भी कही बड़ी बात
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ओवैसी और चंद्रशेखर ने एक साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चंद्रशेखर आजाद इस गठबंधन का चेहरा और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। चंद्रशेखर ने कहा कि हमारा मोर्चा यूपी की सभी 403 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। चंद्रशेखर ने कहा ये तीसरा नहीं यूपी का पहला मोर्चा है। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। जैसे-जैसे वंचित समाज के लोग हमारे मोर्चे से जुड़ते जाएंगे, वैसे-वैसे ये मोर्चा और मजबूत हो जाएगा। लंबे समय से सभी दलों ने हमसे वादा किया कि वे वंचित और गरीब लोगों की गरीबी दूर करेंगे पर ऐसा नहीं हुआ। इन दलों के नेता सांसद और विधायक बनते रहे पर हमारे लोग गरीब ही रहे।
हमें नहीं करना अपमान बर्दाश्त
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जिन मां बाप ने कर्ज लेकर अपने बच्चों को पढ़ाया लिखाया, वह आज बेरोजगारी का दंश झेल रहा हे। बहुत लंबे समय से हम अपमान का घूंट पी रहे है। पिछले कई चुनावों में समूचा विपक्ष बीजेपी को हराने में जुटा है पर उसे हटा नहीं पाया है। इसलिए हमें अपना मोर्चा बनाना पड़ा है। अब हमें अपमान नहीं बर्दाश्त नहीं करना है। अब हम कमजोर समाज के लोग अपने खुद के वोट से ताकतवर बनेंगे। अपने वोट से वंचित समाज के लोगों की समस्या को दूर करेंगे। नगीना सांसद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जो आवाज उठाता है उस पर सरकार लाठी चलवाती है। भाजपा ने हमसे कई वादे किए, लेकिन पूरा नहीं किया। जो दल भाजपा को रोकेगा हम उसके साथ रहेंगे। हमारे मोर्चे में सपा और कांग्रेस का भी स्वागत है।
हम सब मिलकर गठबंधन को सफल बनाने के लिए करेंगे काम: ओवैसी
वहीं एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम इस ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे भाई, चंद्रशेखर आजाद, उत्तर प्रदेश में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। हम सब मिलकर इस गठबंधन को सफल बनाने के लिए काम करेंगे। एक ऐसी सफलता जो अंततः उत्तर प्रदेश की जनता की सफलता होगी। जब चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री बनेंगे, तब हम उन बदलावों को लागू कर सकेंगे जिनकी हमने कल्पना की है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह भाजपा को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प होगा।”




















