आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व सीएम मायावती के भतीजे आकाश आनंद के निष्कासन के बाद दलित राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को अपना छोटा भाई बताते हुए अपनी पार्टी में आने का खुला ऑफर दिया किया है। चंद्रशेखर ने कहा कि आकाश आनंद मेरे छोटे भाई जैसे हैं। साथ आए तो मिलकर अधूरा मिशन पूरा करेंगे।
वहीं एएसपी प्रमुख ने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद भले ही उनकी आलोचना करते रहे हों, लेकिन उनके मन में हमेशा छोटे भाई जैसा भाव रहा है। अगर आकाश उनके साथ आते हैं तो बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अधूरे कामों को मिलकर पूरा किया जाएगा। चंद्रशेखर ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी में उनके रास्ते पूरी तरह बंद हैं। फिर भी बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए आजाद समाज पार्टी में आकाश आनंद के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहब, उनके मिशन और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए जो भी काम करना चाहेगा, आजाद समाज पार्टी उसका स्वागत करेगी। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत खुले मन से कह रहा हूं कि बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने वाला हर व्यक्ति हमारा स्वागत का हकदार है।’
गौरतलब है कि चंद्रशेखर ने आकाश आनंद पर ये बयान शनिवार को इको गार्डन में चल रहे पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में शामिल होकर कही। पंचायत सहायक पांच दिन से अपना मानदेय बढ़वाने के लिए लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे हैं। तेज धूप से बचने के लिए प्रदर्शनकारी छाता लेकर पहुंचे हैं। नगीना सांसद चंद्रशेखर जब इस धरने में पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए समर्थक पेड़ पर चढ़ गए।
इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने सबको संबोधित कर कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, हमारे भाई किसी की मांग नहीं भरेंगे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक एक सप्ताह से मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। वे मानदेय बढ़ाने समेत सेवा से जुड़ी अन्य मांगें पूरी कराने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटाने के बाद पार्टी से पूरी तरह मुक्त कर दिया है। शनिवार को जारी बयान में मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार के किसी भी बेटे को बहुजन समाज पार्टी में कोई भी पद देने से साफ मना कर दिया है।
यह भी पढ़ें- अशोक सिद्धार्थ ने छोड़ी राजनीति, लेकिन नहीं मानीं मायावती, एक बार फिर आकाश को किया बसपा से बाहर, पोस्ट रिपोस्ट नहीं करने पर जताई नाराजगी
बसपा प्रमुख मायावती ने पोस्ट में कहा कि उनके छोटे भाई आनंद कुमार के किसी भी बेटे को पार्टी में कोई छोटा-बड़ा पद नहीं दिया जाएगा। आगे भी उनके बच्चों को भी पार्टी की जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाएगी। आकाश आनंद की ये तीसरी बार पार्टी से दूरी है। इससे पहले भी उन्हें पदों से हटाया और वापस लिया जा चुका है।




















