आयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की हालिया किताब ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’ ने पलटवार किया है। साथ ही कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और चुनौतियों को पूरी ईमानदारी के साथ सामने रखा है। किताब की बातों को लेकर भले ही विवाद हो सकता है, लेकिन इससे न तो गांधी परिवार डरने वाला है और न ही कोई कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव में आने वाला है।
मीडिया से बात करते हुए अराधना मिश्रा ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के खट्टे-मीठे अनुभवों को बिना किसी डर या संकोच के लिखा है। उन्होंने अपने पूरे जीवन में जिन मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया, उन संघर्षों और चुनौतियों को उन्होंने किताब के जरिए बहुत ही बेबाकी से लोगों के सामने रखा है। उनके मुताबिक सोनिया गांधी ने अपनी बात पूरी ईमानदारी से लिखी है। ऐसे में किताब में लिखी बातों पर बेवजह राजनीतिक विवाद खड़ा होने से कांग्रेस हरगिज पीछे हटने वाली नहीं है।
कांग्रेस नेता ने अपनी बात रखते हुए स्वतंत्रता आंदोलन और गांधी परिवार के बलिदान का भी प्रमुखता से उल्लेख किया। साथ ही कहा कि देश की आजादी की लड़ाई के दौरान कांग्रेस और उसके नेताओं ने कई मुश्किलों का सामना किया था और बड़े बलिदान दिए थे। खास तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का नाम लेते हुए कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए अपने दो सबसे प्रिय सदस्यों को खोया है। ऐसे गौरवशाली इतिहास वाला परिवार आज की राजनीतिक चुनौतियों और टिप्पणियों से डरने वाला नहीं है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के आंदोलन को धार देने में जुटी कांग्रेस, अराधना मिश्रा ने कहा, “वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली में यूपी रचेगा इतिहास
दरअसल सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर इन दिनों राजनीतिक चर्चा काफी तेज है। भाजपा की ओर से किताब में लिखी गई कुछ बातों पर लगातार तीखी टिप्पणियां की जा रही हैं। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए अराधना मिश्रा ने सोनिया गांधी का बचाव किया है। उन्होंने ये भी संदेश देने की कोशिश की है कि किताब को लेकर होने वाली इस तरह की राजनीतिक आलोचना से कांग्रेस का रुख बदलने वाला नहीं है।




















