प्रियंका गांधी का सीएम को जवाब, झाड़ू लगाना सादगी का प्रतीक, योगी जी ने किया करोड़ों महिला व दलित का अपमान

मंदिर में झाड़ू लगातीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को लखनऊ में इंदिरा नगर की दलित बस्ती स्थित वाल्‍मीकि मंदिर में झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। वहीं सीएम योगी पर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि झाड़ू लगाना स्वाभिमान और सादगी का प्रतीक है। इस स्वाभिमान और सादगी का मजाक उड़ाने वाले अपनी दलित विरोधी सोच को उजागर करते हैं। योगी जी ने करोड़ों महिलाओं और दलित समाज का अपमान किया है।

साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान ‘प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश की जनता ने झाड़ू मारने लायक छोड़ा है’ पर पलटवार करते हुए कहा कि कह कर आपका अपमान किया है, मेरा नहीं आपका, क्योंकि करोड़ों दलित भाई-बहन सफाई कर्मचारी हैं और करोड़ों लोग अपने घर में सफाई का काम करते हैं। जो भी काम करोगे स्वाभिमान से करोगे ना, वहीं सिखाने आए हैं हम।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर जाने से रोकने के लिए पुलिस ने की प्रियंका गांधी से धक्का-मुक्की, नाराज कांग्रेस महासचिव ने जमकर लताड़ा, हिरासत में लेने पर खुद की कमरे की सफाई

इस दौरान प्रियंका ने इंदिरा नगर की दलित बस्ती वाल्मीकि की मूर्ती के समक्ष माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और उनके मूल्यों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखने की प्रतिज्ञा ली।

बता दें कि इससे पहले जब लखीमपुर खीरी कांड में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने जाते समय प्रियंका गांधी को सीतापुर में हिरासत में लेकर गेस्ट हाउस में भेज दिया गया था, तब भी उन्होंने गेस्ट हाउस में झाड़ू लगाई थी। उनका सफाई करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ था।

यह भी पढ़ें- वाराणसी पहुंच प्रियंका गांधी ने टेका संत रविदास मंदिर में मत्‍था, कहा वर्तमान में बराबरी व भाईचारे का संदेश बहुत महत्‍वपूर्ण

जिसके बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक चैनल से बातचीत में कहा था कि प्रियंका अब झाड़ू लगाने लायक ही बची हैं। जिसको लेकर प्रियंका गांधी ने पलटवार किया है।