प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालकर बोले अजय कुमार लल्लू, UP में 2022 में बनेगी कांग्रेस की सरकार

अजय कुमार लल्लू
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद आज वो लखनऊ पहुंचे। इस दौरान वह अपनी जमीनी और साधारण कार्यकर्ता की छवि को बरकार रखते हुए गोरखपुर से लखनऊ रोडवेज बस से पहुंचे। राजधानी लखनऊ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य तरीके से उनका स्वागत किया। पॉलीटेक्निक चौराहे से जुलूस के साथ उन्हें पार्टी कार्यालय लाया गया।

इस मौके पर लल्लू ने कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि वह आम जनता और कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ेंगे और सड़क तक संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर कार्यकर्ता संघर्ष करने और जेल जाने के लिए तैयार हैं तो 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा के विशेष सत्र का बहिष्कार करेगी कांग्रेस: अजय कुमार

अपने स्वागत कार्यक्रम में नवनियुक्त अध्यक्ष ने बताया कि किस तरह संघर्ष करके वह प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने एक गरीब परिवार में जन्म लिया और मजदूरी तक की। 18 बार जेल जा चुके हैं और 30 से अधिक मुकदमे हैं। दोनों पैरों में रॉड पड़ा है। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का आभार व्यक्‍त करते हुए कहा कि वह नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।

अजय कुमार लल्लू
प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए प्रदेश अध्यक्ष।

लखनऊ पहुंचने के बाद लल्लू ने बाबा साहब बी.आर. आंबेडकर, महात्मा गांधी व सरदार वल्लभ भाई पटेल व राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उत्तर-प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेता पी.एल. पुनिया, निर्मल खत्री, प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा मोना समेत कई अन्‍य दिग्‍गज नेता मौजूद रहे।

वहीं अजय कुमार लल्लू के लखनऊ पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरे रास्ते जगह-जगह नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत हुआ। पूरा रास्ता बैनर और पोस्टर से पटा हुआ था।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमत को लेकर कांग्रेसियों ने योगी सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, चलाएं रिक्‍शे

बता दें कि कांग्रेस ने लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा सात अक्टूबर को की थी। उस समय वह अपने क्षेत्र कुशीनगर के तमकुही राज में थे। वह मौजूदा कुशीनगर जिले की तमकुही राज सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के लिए वह कारों के लंबे काफिले के बजाय गोरखपुर से बस से लखनऊ पहुंचे।

अजय कुमार साल 2012 में पहली बार विधायक चुने गए थे। 2017 की भाजपा लहर में भी उन्होंने न सिर्फ अपनी सीट बचाए रखी, बल्कि 2012 से अधिक के अंतर से उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराया। उनकी इसी सफलता को देखते हुए उन्हें कांग्रेस विधायक दल का नेता भी चुन गया था।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र में मृतक के परिजनों का हाल जान योगी सरकार पर भड़के अजय कुमार, कहा जमीनी विवाद नहीं सामूहिक नरसंहार है घोरावल कांड