आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 में यूपी के ऊर्जा मंत्री ने आज कहा है कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करने की दिशा में तेजी से उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित समिट में ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी बढ़ती ताकत, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
यह भी पढ़ें- जनता को परेशान करने वाले अफसरों को लेकर सीएम योगी ने कहा, अयोग्य का जिम्मेदार पद पर बैठना भी खतरनाक
ए.के. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदान करने का जो संकल्प लिया है, उत्तर प्रदेश उसे धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश में सौर ऊर्जा, बायोएनर्जी और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम-कुसुम, सोलर सिटी और यूटिलिटी स्केल सोलर परियोजनाओं के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को आमजन, किसानों और उद्योगों तक पहुंचाया जा रहा है।
सरकार का प्रयास है कि…
साथ ही कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा केवल बिजली उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन, किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने का महत्वपूर्ण आधार है। उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा के साथ-साथ कम्प्रेस्ड बायोगैस एवं बायोएनर्जी परियोजनाओं में भी निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक, उद्योग जगत की सहभागिता और निवेशकों के सहयोग से प्रदेश को ग्रीन एनर्जी के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद, निदेशक रविन्द्र सिंह, सचिव पंकज सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




















