उपचुनाव: उत्‍तर प्रदेश की छह विधानसभा सीटों पर भाजपा जीती, एक पर सपा का कब्‍जा बरकरार

छह विधानसभा
बीजेपी मुख्यालय पर जीत का जश्न मनाते सीएम योगी व अन्य। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर विरोधियों को शिकस्‍त दी है। इस उपचुनाव में छह सीटों पर भाजपा ने अपना कब्‍जा जमाया है, जबकि सपा मात्र जौनपुर की मल्हनी एक विधानसभा सीट ही जीत सकी है। सपा से ज्‍यादा खराब हाल बसपा व कांग्रेस की रही इन दोनों ही पार्टियों का उपचुनाव में खाता तक नहीं खुला है।

कुलदीप सेंगर को लेकर बेहद चर्चित उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर एक बार फिर भाजपा के पाले में आ गयी है। यहां से भाजपा के श्रीकांत कटियार विजयी हुए हैं। उन्होंने 71303 मत प्राप्त कर कांग्रेस की आरती बाजपेयी को 31274 मतों से पराजित किया।

यह भी पढ़ें- UP विधानसभा की सात सीटों पर उपचुनाव संपन्‍न, जानें किस सीट पर कितने प्रतिशत हुई वोटिंग

वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलारानी वरुण की कोरोना से हुई मौत के बाद खाली हुई कानपुर नगर की घाटमपुर (सुरक्षित) सीट पर भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान ने कांग्रेस के डॉ. कृपाशंकर को 23,669 मतों से हराया। उपेंद्र नाथ को 60,205 और डॉ. कृपाशंकर को 36,506 मत मिले।

जबकि कोरोना के चलते ही कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की मौत के बाद रिक्‍त हुई अमरोहा की नौगांव सादात सीट पर उनकी पत्‍नी एवं भाजपा उम्मीदवार संगीता चौहान ने चुनाव जीता। संगीता ने सपा को जावेद अब्बास को 14795 मतों से हराया। संगीता को 86171 और जावेद को 71376 मत मिले।

यह भी पढ़ें- सपा ने घोषित किए यूपी विधानसभा उपचुनाव के प्रत्‍याशी, इन नेताओं पर जताया भरोसा, RLD के लिए भी छोड़ी सीट

वहीं बीजेपी विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन से खाली हुई बुलंदशहर सीट पर उनकी पत्‍नी उषा सिरोही ने चुनाव जीता। भाजपा की उषा सिरोही ने बसपा को मोहम्मद युनूस को 20,962 मतों से शिकस्त दी। उषा सिरोही को 86879 और मोहम्मद युनूस को 65917 मत मिले।

साथ ही देवरिया में भाजपा के डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने सपा को ब्रह्माशंकर त्रिपाठी को 20 हजार 93 मतों से हराया। डॉ. सत्यप्रकाश को  68649 और ब्रह्माशंकर को 48556 मत मिले।

इसके अलावा फिरोजाबाद की टुंडला सीट पर भाजपा के प्रेमपाल सिंह धनगर ने समाजवादी पार्टी के महाराज सिंह धनगर को 17,635 मतों से हराया। प्रेमपाल सिंह को 72844, महाराज सिंह को 55209 मत मिले।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए घोषित किए उम्‍मीदवार, जानें किसे मिला कहां से टिकट

जौनपुर की मल्हनी सीट पर सपा ने कब्जा बरकरार रखा है। मल्हनी में सपा के लक्की यादव ने निर्दलीय धनंजय सिंह को 4,604 मतों से  हराया। लक्की यादव को 73,384 और धनंजय सिंह को 68780 वोट मिलें हैं।

वहीं भाजपा की जबरदस्‍त जीत से यूपी के कार्यकर्ताओं व नेताओं में जश्‍न का माहौल रहा। आज बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर जीत को लेकर नेता व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्‍न मनाया।

यह भी पढ़ें- यूपी उपचुनाव में भाजपा की जीत को CM योगी ने बताया पीएम मोदी के नीतियों की जीत

अपनी पार्टी के लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए आज इस जश्‍न में शामिल होने बीजेपी कार्यालय सीएम योगी आदित्‍यनाथ समेत डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा के अलावा भाजपा के कई मंत्री पहुंचे थे।

कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह, महामंत्री सुनील बंसल के अलावा वरिष्‍ट नेता विजय बहादुर पाठक समेत भाजपा के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।