भाजपा में शामिल हुए सपा-बसपा सहित अन्‍य पार्टियों के दर्जनों नेता

भाजपा में शामिल
लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ भाजपा में शामिल होने वाले नेतागण।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नेताओं के एक से दूसरे पार्टी में जाने का क्रम जारी है। रविवार को इसी क्रम में बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में सपा, बसपा व प्रसपा समेत कई अन्‍य राजनीतिक पार्टियों से जुड़े दर्जनों नेता भाजपा में शामिल हो गए। बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने भाजपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें पटका पहनाए।

आज भाजपा में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से सपा के पूर्व मंत्री शिवचरण प्रजापति (हमीरपुर), बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, व मुख्यमंत्री के पूर्व विशेष कार्याधिकारी रहे गंगाराम अंबेडकर (फतेहपुर), सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश पाल (झांसी), बहुजन समाज पार्टी के मुख्य जोन इंचार्ज, पूर्व लोकसभा व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप निषाद (गोरखपुर), प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से लोकसभा प्रत्याशी रहे ठाकुर ओमवीर सिंह चौहान, सपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष व सचिव पूर्व निर्दलीय नगर पालिका अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता (फर्रूखाबाद), सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विश्‍वास गुप्ता (फर्रूखाबाद), सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व समाजवादी युवजन सभा के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र गुप्ता (कन्नौज) शामिल थे।

यह भी पढ़ें- भाजपा के चुनावी रथों को रवाना कर बोले सीएम योगी, “ हमने किया सबका विकास, किसी का तुष्टिकरण नहीं”

इसके अलावा कांग्रेस जिला प्रतिनिधि सुभाष सक्सेना (लखनऊ), राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशवाहा मौर्य शाक्य सैनी कल्याण संस्था, पत्रकार गिरीश चंद्र कुशवाहा (हरदोई), कांग्रेस से पूर्व विधानसभा व जिला पंचायत प्रत्याशी रहीं डा. शांति देवी (देवरिया), मिशन अंबेडकर के प्रचारक सुशील बौद्ध (सहारनपुर), प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता ठाकुर पूरन सिंह के पुत्र ठाकुर रणवीर सिंह (बुलंदशहर, दरगाह आला हजरत की बहू निदा खान (बरेली), सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिल कुमार सिंह रघुवंशी (वाराणसी) भी आज भाजपा में शामिल हो गए।

सदस्‍यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने नवागंतुकों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। पहले गुंडा, माफिया और बाहुबलियों की सरकार थी, महिला, दलित, किसान, सभी लोग भय के माहौल में जीते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गुंडई व भय का दौर ख़त्म हो गया है, ऐसा माहौल अब दोबारा नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने कार्य क्षेत्र में पहुंचकर भाजपा के जिला नेतृत्व के साथ मिलकर फिर एक बार-भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ जुट जाएं। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे भी मौजूद रहें।