जयंती पर कल्‍याण सिंह को यादकर ब्रजेश पाठक ने कहा, भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए बाबूजी ने किया अपना सर्वस्व निछावर

कल्‍याण सिंह को यादकर
कल्‍याण सिंह की प्रतिमा के नीचे खड़े डिप्‍टी सीएम, प्रदेश अध्‍यक्ष व अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह की जयंती के मौके पर आज भाजपा के तमाम नेताओं ने उन्‍हें याद किया। इस मौके पर हजरतगंज स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्‍यार्पण करते हुए यूपी के डिप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि रामलला के भव्य मंदिर निर्माण के लिए बाबूजी ने अपना सर्वस्व निछावर कर दिया। आज अयोध्या में जो भव्‍य राम मंदिर तैयार हो रहा, उसमें कल्‍याण सिंह का बहुत बड़ा योगदान है।

उप मुख्‍यमंत्री ने कहा कि बाबूजी के राजनीतिक जीवन के दौरान भी उत्‍तर प्रदेश में जो विकास कार्य हुए उसके लिए भी हम उनको याद कर रहें। आज जो राम राज्य जैसा माहौल पूरे देश और प्रदेश में है, सभी तरफ बदलाव दिख रहा एक सांस्कृतिक बयार है और अयोध्या सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित हो रही, उसके पीछे भी कहीं न कहीं कल्‍याण सिंह का भी परिश्रम है।

राम मंदिर के लिए भूमिका व त्याग याद करेगा यूपी: भूपेंद्र सिंह

इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कल्‍याण सिंह भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणा स्रोत और राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नायक हैं। बाबूजी का संघर्ष, व्यक्तित्व, राजनीतिक व संगठनात्मक कौशल सदैव हमें प्रेरित करता रहेगा। राम मंदिर निर्माण के लिए उनकी भूमिका और त्याग को उत्‍तर प्रदेश हमेशा याद करेगा। भारतीय जनता पार्टी के हम सभी कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चल रहे और जो सपना कल्याण सिंह का था उसको हम सभी मिलकर पूरा करेंगे।

यह भी पढ़ें- कल्‍याण सिंह का अंतिम दर्शन कर बोले अमित शाह, राम जन्‍मभूमि के लिए सत्‍ता छोड़ने में उन्‍होंने जरा भी नहीं सोचा

कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज शुक्‍ला, नीरज बोरा, महामंत्री त्रिलोक सिंह, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, घनश्याम अग्रवाल, विवेक तोमर व सुशील तिवारी समेत बीजेपी के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।