आखिरकार उपचुनाव में देवरिया विधानसभा सीट पर भाजपा ने सत्‍यप्रकाश त्रिपाठी पर जताया भरोसा

सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी
सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। काफी खीचतान के बाद भाजपा ने यूपी विधानसभा उपचुनाव में देवरिया सीट पर भी अपने उम्‍मीदवार को बुधवार को घोषणा कर दी है। आज शाम भाजपा की ओर से सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। सत्‍य प्रकाश संत विनोबा पीजी कालेज में राजनीति शास्त्र विभाग के अध्यक्ष हैं। वह भाजपा में भी काफी दिनों से कार्य कर रहे थे।

वहीं बीजेपी में देवरिया सीट के प्रत्याशी को लेकर कई दिनों से चर्चाएं चल रही थी। पार्टी से टिकट के लिए 34 लोगों ने दावेदारी की थी। कल छह प्रत्‍याशियों की लिस्‍ट फाइनल होने के बाद भी देवरिया पर बात नहीं बन सकी थी।

वहीं सपा में चल रही हलचल के चलते भाजपा से प्रत्याशी के रूप में कई नए नामों की भी चर्चा हो रही थी। माना जा रहा था कि समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी घोषित होने के बाद ही भाजपा अपना प्रत्याशी घोषित करेगी। बुधवार को सपा ने पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बाद शाम को बीजेपी ने भी ब्राह्मण पर ही भरोसा जताते हुए डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए घोषित किए उम्‍मीदवार, जानें किसे मिला कहां से टिकट

उल्‍लेखनीय है कि सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी मूल रूप से बैतालपुर क्षेत्र के उधोपुर गांव के रहने वाले हैं। इस समय संत विनोबा पीजी कालेज में राजनीति शास्त्र विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के साथ विभागाध्यक्ष हैं। डॉ. त्रिपाठी 2000 से 2005 तक जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वह 2002 के विधानसभा के चुनाव में गौरीबाजार विधानसभा क्षेत्र से निर्दल विधानसभा का भी चुनाव लड़ चुके हैं। वह भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

यूपी विधानसभा उपचुनाव में यह सात प्रत्‍याशी बचाने उतरेंगे बीजेपी की लाज-

देवरिया- सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी,

घाटमपुर (कानपुर)- उपेंद्र पासवान,

नौगवां सादात (अमरोहा)- संगीता चौहान,

टूंडला (फीरोजाबाद)- प्रेमपाल धनगर,

बांगरमऊ (उन्नाव)- श्रीकांत कटियार,

बुलंदशहर सदर- ऊषा सिरोही,

मल्हनी (जौनपुर)- मनोज सिंह।

यह भी पढ़ें- सपा ने घोषित किए यूपी विधानसभा उपचुनाव के प्रत्‍याशी, इन नेताओं पर जताया भरोसा, RLD के लिए भी छोड़ी सीट