उत्तर प्रदेश में खाद संकट से किसान बेहाल, AAP ने उठाया योगी सरकार पर सवाल

खाद्य संकट
आप के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में खाद की कमी और धान खरीद में कालाबाजारी और बंद पड़े धान क्रय केंद्रों को लेकर आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। आप के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने आरोप लगाया कि रबी की बुवाई के समय किसानों को डीएपी और एनपीके खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, कई जगह धान क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है।

यह भी पढ़ें- 500 करोड़ लेनदेन मामले में संजय राउत ने अमित शाह को लेटर लिख की ED से जांच कराने की मांग

बुधवार को अपने बयान में आप प्रदेश प्रवक्ता ने योगी सरकार से सवाल करते हुए कहा कि मंचों से किसानों की आय दोगुनी करने के दावे करने वाली सरकार के राज में आज उत्तर प्रदेश का अन्नदाता एक बोरी खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। खेत बुवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन सहकारी समितियों पर खाद का स्टॉक न होने से किसान निजी दुकानों से मनमाने और ऊंचे दामों पर खाद खरीदने या फिर बुवाई में देरी का दंश झेलने को मजबूर हैं।

…सीधे-सीधे अन्नदाता से खुली लूट

वहीं खाद की आसमान छूती कीमतों व कालाबाजारी पर सरकार को घेरते हुए वंशराज दुबे ने कहा, “एक तरफ सरकार दावा करती है कि डीएपी का सरकारी मूल्य ₹1350 प्रति बोरी तय है, लेकिन हकीकत ये है कि प्रदेश की अधिकांश सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध ही नहीं है। मजबूरी में जब किसान बाजार का रुख करता है, तो उससे निर्धारित दर से लगभग दोगुने, यानी 2,200 से 2,500 प्रति बोरी तक दाम वसूले जा रहे हैं। यह सीधे-सीधे अन्नदाता से खुली लूट है। सरकार और प्रशासन खाद की कालाबाजारी रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं, जिसका खामियाजा गरीब और सीमांत किसानों को अपनी गाढ़ी कमाई लुटाकर भुगतना पड़ रहा है।”

खाद के अभाव में बुवाई हो रही प्रभावित

आप नेता ने रबी की फसलों पर मंडराते खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि समय पर डीएपी और एनपीके खाद न मिलने से किसानों के सामने अपनी फसल बचाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। “गेहूं, आलू, सरसों और मटर की बुवाई का सबसे अहम समय हाथ से निकला जा रहा है। खेत तैयार होने के बावजूद खाद के अभाव में बुवाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसल की पैदावार घटने और खराब होने की आशंका ने किसानों की नींद उड़ा दी है। सुबह से शाम तक कतारों में लगने के बाद भी जब किसानों को खाली हाथ घर लौटना पड़ता है, तो उसका गुस्सा फूटना स्वाभाविक है। आज प्रदेश के हर जिले के किसानों में सरकार की इस संवेदनहीन व्यवस्था के खिलाफ बेहद आक्रोश है।”

सूद समेत लेंगे इस उपेक्षा का बदला

इतना ही नहीं धान खरीद की बदहाली पर योगी सरकार पर हमला बोलते हुए वंशराज दुबे ने कहा कि एक तरफ रबी की बुवाई के लिए खाद नहीं मिल रही, तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में धान के क्रय केंद्र बंद पड़े होने से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। “बलिया के पंदह ब्लॉक में छह धान क्रय केंद्र निर्धारित होने के बावजूद अब तक एक भी जगह खरीदारी शुरू नहीं हुई है और सरकारी केंद्रों पर ताले लटक रहे हैं। कुशीनगर के हाटा ब्लॉक सहित कई क्षेत्रों में क्रय केंद्र न होने से किसान अपनी उपज बिचौलियों को औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं। रबी की बुवाई के लिए किसानों को पैसों की सख्त जरूरत है, लेकिन सरकारी तंत्र ने उन्हें पूरी तरह बेसहारा छोड़ दिया है। प्रदेश के किसानों का साफ कहना है कि खाद की किल्लत, कालाबाजारी और बंद पड़े क्रय केंद्रों की इस उपेक्षा का बदला वे सूद समेत लेंगे और विधानसभा चुनाव में सरकार को इसका करारा जवाब देंगे।

यह भी पढ़ें- नफरत की राजनीति, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के विरोध में पूरे यूपी में यात्रा निकालेगी AAP, संजय सिंह ने किया ऐलान