AAP ने यूपी में घोषित किए नए प्रदेश प्रवक्ता, इमरान-अरुण सिंह चंदेल को दी गई कमान

प्रदेश प्रवक्ता
आप के प्रदेश प्रवक्ता इमरान संभलशाही और अरुण सिंह चंदेल

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने इमरान संभलशाही और अरुण सिंह चंदेल को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। आप ने दोनों नवनियुक्त प्रवक्ताओं को मिली इस नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी है। साथ ही कहा कि प्रदेश के विभिन्न प्रबुद्ध क्षेत्रों से ताल्लुक रखने वाले इन दोनों के आने से पार्टी की मीडिया विंग को बौद्धिक, वैचारिक और जमीनी स्तर पर अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।

वहीं मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि आप लगातार ऐसे समर्पित, विद्वान और जमीनी चेहरों को आगे ला रही है, जो जन सरोकारों को प्रखरता से रख सकें। साथ ही कहा कि इमरान संभलशाही और अरुण सिंह चंदेल दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों के सिद्धहस्त हस्ताक्षर हैं। वंशराज दुबे ने कहा कि आज जब उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और तानाशाही चरम पर है, तब कलम, अध्ययन और पत्रकारिता की ताकत से लैस ये प्रवक्ता टीवी बहसों से लेकर सड़कों तक जनता के बुनियादी मुद्दों पर मौजूदा सरकार की जवाबदेही तय करने का काम करेंगे।

नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता इमरान संभलशाही साहित्य और शिक्षा जगत में एक प्रतिष्ठित पहचान रखते हैं। लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय इमरान संभलशाही के अब तक तीन कविता -संग्रह और एक कहानी-संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। उनके उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान के लिए उन्हें हिंदी अकादमी, मुंबई ने प्रतिष्ठित ‘साहित्य भूषण सम्मान’ और वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की तरफ से ‘वामिक जौनपुरी सम्मान’ सहित कई अन्य राष्ट्रीय व प्रांतीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

यह भी पढ़ें- नफरत की राजनीति, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के विरोध में पूरे यूपी में यात्रा निकालेगी AAP, संजय सिंह ने किया ऐलान

वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार अरुण सिंह चंदेल को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। अरुण सिंह चंदेल ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। साथ ही कहा कि एक पत्रकार के तौर पर उन्होंने हमेशा सत्ता की खामियों और जनता की बेबसी को करीब से देखा व समझा है। अब आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता के रूप में वे उसी निष्पक्ष और निर्भीक तेवर के साथ उत्तर प्रदेश की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेंगे।

यह भी पढ़ें- AAP ने की मांग, छात्रों को देशद्रोही बताने वाले योगी सरकार के मंत्री का इस्तीफा लें राज्यपाल