आरयू ब्यूरो, लखनऊ। शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आजाद अधिकार सेना के प्रमुख अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। जिसमे अमिताभ ठाकुर मामले से जुड़ी आरोपित श्रद्धा दुबे के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से कथित संपर्कों और विवेचना में संभावित हस्तक्षेप की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही श्रद्धा को संरक्षण दिया जाने का आरोप लगाया है।
पूर्व आइपीएस अमिताभ ठाकुर की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इस मामले को लेकर विभिन्न समाचार-पत्रों में प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्तियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस तंत्र से संपर्कों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा, एक वायरल ऑडियो में बार-बार ‘संजय सर’ का नाम सामने आने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिन्हें लेकर सोशल मीडिया और मेनस्ट्रीम मीडिया में भी चर्चाएं जारी हैं।
अपने लिखे लेटर में अमिताभ ठाकुर ने कहा कि आरोपित श्रद्धा दुबे की ओर से मीडिया को इंटरव्यू देना, उसका कथित तौर पर फरार होना और पुलिस की कार्रवाई से जुड़े विभिन्न घटनाक्रमों से ये आशंका गहरी होती है कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति या समूह की ओर से उसे अनुचित संरक्षण दिया जा रहा है या विवेचना को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट की टिप्पणी के बाद अमिताभ ठाकुर ने की IAS दुर्गा शक्ति नागपाल के तबादले की मांग
आजाद अधिकार सेना प्रमुख ने मांग की है कि ‘संजय सर’ सहित उन सभी व्यक्तियों की पहचान कराई जाए जिनके नाम इस प्रकरण से जोड़े जा रहे हैं। साथ ही, घटना से पहले और बाद के नामित अभियुक्त के साथ निकटता और संभावित हस्तक्षेप की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।



















