आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित कर सीएम योगी ने यूपी पुलिस और एटीएस के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश अब लॉलेस लैंड से लैंड ऑफ लाॅ बन चुका है। प्रशिक्षण के जरिए आतंकी हमलों, बंधक संकट और विस्फोटकों से निपटने की तैयारी मजबूत की जाएगी।
योगी ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता। आगे कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य एनएसजी, एटीएस और यूपी पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा आतंकवाद निरोधी कार्रवाई की क्षमता मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें- नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टर्स को नियुक्ति पत्र दे सीएम योगी ने कहा, 2017 से पहले सैफई सिंडिकेट था हर भर्ती पर हावी
इस दौरान महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर आतंकी हमला, बंधक बनाना और बंधकों को सुरक्षित निकालने जैसी आपात स्थितियों से निपटने की रणनीति पर काम होगा। एनएसजी के विशेषज्ञ यूपी पुलिस के अफसरों और जवानों को आतंकवाद निरोधी अभियानों के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण देंगे।
क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकेंगे आतंकी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई आतंकी या देशद्रोही डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकता। उन्होंने कहा कि एसपीओटी कमांडोज का एनएसजी, बीएसएफ और सीआइएसएफ के साथ ‘अग्निपरीक्षा’ जॉइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज तथा नेशनल जॉइंट काउंटर आइईडी एक्सरसाइज कमांडोज को हर आपात स्थिति के लिए तैयार करते हैं। इस दौरान सीएम ने यूपी एटीएस की समर्पित महिला कमांडो टीम को एसपीओटी का अभिन्न हिस्सा बनाने को ऑपरेशनल कदम बताया। सीएम योगी ने कहा कि यह उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां अब किसी की मोहताज नहीं, बल्कि दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली रणचंडी का स्वरूप हैं।
तैयार किया गया सुरक्षा का अभेद्य किला
योगी ने बताया कि पूरे प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट्स तैनात हैं। वर्ष 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर, नक्सल प्रभावित सोनभद्र, चंदौली और मीरजापुर के साथ अयोध्या, प्रयागराज, श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और झांसी में दस नई फील्ड यूनिट्स स्थापित की गई हैं। आगे कहा कि इन इकाइयों के माध्यम से सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम से एटीएस और यूपी पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच तालमेल बढ़ेगा, जिससे आतंकवाद निरोधी अभियानों की क्षमता और मजबूत होगी।




















