लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन कर राजनाथ सिंह ने कहा, कृषि कानूनों में संशोधन को तैयार है सरकार

भाजपा कार्यसमिति की बैठक
कार्यक्रम को संबोधित करते राजनाथ सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। केंद्र सरकार कृषि कानूनों में हर तरह का संशोधन करने को तैयार है। किसान जहां भी जितनी बार भी बैठने को कहेंगे, बातचीत की जाएगी। सरकार हर वह संशोधन करने के लिए तैयार है, जो कृषि व्यवस्था के लिए जरूरी है। कानून के क्लाज दर क्लाज चर्चा की जाएगी। एमएसपी किसी भी कीमत पर बंद नहीं होगी। केंद्र सरकार का संकल्प है कि किसानों की आय हर हाल में दोगुनी क्या उससे ज्यादा की जाएगी।

उक्‍त बातें सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुई भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन कर अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि मैं विनम्र अपील करता हूं कि किसान आंदोलन खत्म किया जाए। बातचीत के द्वारा ही हल निकल सकता है। केवल यूपी में ही एमएसपी के जरिये किसानों से 66000 करोड़ रुपये की खरीद की गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई और भी दिक्कत है तो, उसे भी हर हाल में दूर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एयरपोर्ट पर हुआ भव्‍य स्‍वागत

वहीं रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि गरीब परिवार में पैदा हुआ व्यक्ति सिर्फ भाजपा में ही अध्यक्ष बन सकता है। सहज और सरल व्यक्ति वही है, जो मन से बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि यूपी की राजनीति से मैं लंबे समय से जुड़ा हूं। जब यूपी के किसी कार्यक्रम में होता हूं तो स्वयं को पद की सीमाओं में नहीं बांध पाता हूं। इस दौरान राजनाथ सिंह ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन के बाद लोगों का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ा था। लोगों ने साथ दिया जिसके बाद पहली बार कल्याण सिंह के नेतृत्व में सरकार बनी।

इतना ही नहीं राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले हम नारा लगाते थे चप्पा चप्पा बीजेपी, तब लगता था कि कभी सरकार बनेगी और आज देखिये ये नारा सही साबित हो गया है। भाजपा हिंदुस्तान की अन्य पार्टियों से अलग है, आज देश की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी है। वहीं उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ताओं के मन में होता होगा कि लंबे समय से पद नहीं मिल रहा है, लेकिन विश्वास रखें बीजेपी में देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं हो सकती।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में न्यू कमांड अस्पताल की आधारशिला रखकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कही ये खास बातें

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर, राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा राजकुमार चाहर, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, प्रदेश सह प्रभारी सत्या कुमार, संजीव चौरसिया, प्रदेश सह महामंत्री भवानी सिंह व कर्मवीर जी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार, रमापतिराम त्रिपाठी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना भी उपस्थित रहे।