आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के ऐशबाग स्थित कबाड़ गोदाम में बुधवार शाम करीब चार बजे भीषण आग लग गई। अचानक लगी आग से इलाके में अफरा- तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसकी चपेट में वहां की कई झुग्गियां भी आ गईं। आग की लपटें इतनी तेज हैं कि करीब चार किलोमीटर दूर से काला धुआं दिखाई दे रहा है। गोदाम से धुआं उठता देख लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां आग बुझाने में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम करीब चार बजे लोगों ने कबाड़ के गोदाम से धुआं उठते देखा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आस-पास की झुग्गियों तक पहुंच गईं। लोगों ने पहले आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलने लगीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पाकर दमकल की दस गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।
बताया जा रहा है कि झुग्गियों में प्लास्टिक का सामान बड़ी मात्रा में रखा था। इसके चलते आग बार-बार भड़क रही थी और दमकल कर्मियों को उसे नियंत्रित करने में परेशानी हो रही थी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल दमकल की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी।
यह भी पढ़ें- रिहायशी इलाके में बने पंखे के गोदाम में लगी भीषण आग, दिवारों में आयी दरार
वहीं प्लास्टिक का सामान होने के कारण फायर ब्रिगेड कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्लास्टिक होने से लपटें बार-बार तेज होती रहीं। हालांकि आग से किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच टीम आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन में जुटी है।




















