विकास नगर में मकान में लगी आग, मची अफरा-तफरी

विकास नगर
मकान से उठती आग की लपटें।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विकास नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-6 में स्थित एक घर में आज अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटे इतनी तेज थी कि पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इससे पूरे इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक ये आग सुबह करीब 8.30 बजे मकान की पहली मंजिल पर बने स्टोररूम में लगी। इस दौरान खिड़कियों से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते धुआं पूरे मकान में फैल गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दमकल की टीम को सूचित किया। हालांकि दमकल की टीम के पहुंचने तक आस पास के लोग अपने-अपने स्तर पर आग बुझाने का हर संभव प्रयास कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- आगरा-कानपुर हाईवे पर प्राइवेट बस ने मारी ट्रक में टक्‍कर, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

वहीं सूचना मिलते मौके पर दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि यह घटना शहनाई गेस्ट हाउस के पास स्थित घर में हुई, जो कि एक वर्षा नाम की महिला का मकान है। हालांकि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आग लगने से स्टोर रूम में रखा  लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में पाया गया कि आग मकान के ऊपरी तल पर बने स्टोर रूम में लगी थी। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मौके पर पुलिस बल उपस्थित है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

बता दें कि 22 जून को अलीगंज इलाके में स्थित एक अवैध बिल्डिंग में आग लगने से 15 युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं दस अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

यह भी पढ़ें- अलीगंज की चार मंजिला अवैध बिल्डिंग में लगी आग, 15 छात्रों की दर्दनाक मौत, कुछ ने कूदकर बचाई जान, नौ घायल