आरयू ब्यूरो, लखनऊ। हजरतगंज स्थित जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर आज भीषण आग लग गई। आग देखते ही भवन में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पाकर दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार करीब दस बजे जब अधिकांश कर्मचारी कार्यालय पहुंचकर अपने रूटीन के काम कर रहे थे। तभी अचानक से बिल्डिंग के चौथे तल पर आग लगने की खबर फैल गई। आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी थीं, जिसके बाद ऊंची-ऊंची लपटें और धुआं भरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
वहीं फायर सर्विस की डीजी पद्मजा चौहान ने बताया कि आग जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर लगी थी। यह एक सरकारी कार्यालय की इमारत है और आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही कहा कि घटना के बाद जवाहर भवन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने बताया कि अब प्राथमिकता आग लगने के कारणों की जांच और प्रभावित हिस्से की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़ें- चिनहट के कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, आसपास के लोगों ने छोड़ा घर
इसके अलावा आग की खबर पर डिप्टी सीएम व डीएम भी मौके पर हालात का जायजा लेने पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जवाहर भवन में लगी आग की पर कहा कि जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर कैंटीन में आग लगी थी। आग बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है। आग कैंटीन से शुरू हुई थी। उन्होंने बताया कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।




















