आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में वकीलों ने लखनऊ में शनिवार को प्रदर्शन किया। कैसरबाग न्यायालय परिसर से शुरू हुआ अधिवक्ताओं का पैदल मार्च हजरतगंज पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच किया। इस दौरान वकीलों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आखिरकार विधानसभा के गेट नंबर-2 तक पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
जब रास्ते में पुलिस ने वकीलों को रोकने की कोशिश की, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्से में अधिवक्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और पुलिस से तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी सभी अवरोधों को पार कर विधानसभा के गेट पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। पुलिस के आला अधिकारी लगातार वकीलों को शांत कराने और वापस लौटने की अपील की, लेकिन वकील अपनी मांग पर डटे रहे। साथ ही कहा कि सरकार अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करे।
प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता आशुतोष ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि इस आंदोलन ने ‘काले कोट’ की एकजुटता और ताकत का अहसास करा दिया है। उनका कहना है कि बीते साढ़े नौ सालों में कोई भी संगठन विधानसभा या लोकभवन तक कूच नहीं कर पाया था, लेकिन वकीलों ने सभी बैरिकेडिंग तोड़कर यह कर दिखाया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक सरकार तत्काल प्रभाव से अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू नहीं करती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
बता दें, प्रस्तावित ‘अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम’ का मुख्य उद्देश्य वकीलों को उनके पेशेवर कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान होने वाले हमलों, धमकियों और उत्पीड़न से कानूनी सुरक्षा देना है। वकीलों का कहना है कि जो समाज को न्याय दिलाने और कानून की रक्षा करने का काम करते हैं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।




















