लखनऊ कचहरी में वकीलों के चैंबरों पर चला बुलडोजर, अधिवक्ताओं ने जमकर की नारेबाजी

वकीलों के चैंबर
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के कैसरबाग में रेजीडेंसी के पास अधिवक्ताओं के अतिक्रमण को हटाने के लिए रविवार को नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। कार्रवाई के विरोध में कुछ अधिवक्ता सड़क पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

दरअसल हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर निगम लखनऊ ने पहले इन 245 अवैध चैंबरों की मार्किंग कर दी थी। साथ ही संबंधित वकीलों को नोटिस भी दिया गया था, जिसके बाद रविवार को जब नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर पहुंची तो वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने चिन्हित एरिया से सभी लोगों को बाहर निकालकर एंटी इनक्रोचमेंट की कार्रवाई पूरी कराई।

उधर वकीलों ने नगर निगम और पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा कर कहा कि वह नगर निगम की इस कार्रवाई का विरोध नहीं करते, लेकिन इस कार्रवाई से पहले नगर निगम या जिला प्रशासन को उनके बैठने के लिए ठोस इंतजाम करना चाहिए था। वकीलों के मुताबिक वह इन चैंबरों में 15-20 सालों से बैठते आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- प्रोटेस्ट के बीच सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत मे लिया, CJI के दखल के बाद हुए रिहा

वहीं इस कार्रवाई के विरोध में कचहरी के बाहर प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की।। साथ ही धरना देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और लखनऊ जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। वकीलों के मुताबिक ये केवल चैंबर नहीं, बल्कि उनकी रोजी-रोटी के साधन हैं।

यह भी पढ़ें- पुराने हाईकोर्ट के पास कब्जा हटाने पर हंगामा, वकीलों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज