आरयू ब्यूरो, वाराणासी। वाराणसी में आयोजित तीन दिवसीय ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन किया गया। ये भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया गया। रविवार को शो के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नमो घाट पहुंचे और साथ मिलकर वायुसेना के विमानों का करतब देखा।
यह भी पढ़ें- नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन कर राजनाथ ने कहा, समुद्री सुरक्षा है वैश्विक शांति-समृद्धि का आधार
शो के दौरान भारतीय वायुसेना जाबाज पायलटों ने राफेल, सुखोई-30, तेजस, मिराज-2000, जगुआर और मिग-29 समेत करीब सौ विमानों की मदद से अपनी ताकत और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान एलसीए तेजस ने कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए शानदार करतब दिखाए। विमानों ने गंगा के ऊपर भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
राफेल ने बनाई ‘नीलकंठ फॉर्मेशन’
वहीं राफेल की आवाज से काशी का आसमान गूंज उठा। तीन राफेल विमानों ने ‘नीलकंठ फॉर्मेशन’ बनाई। ‘प्रचंड फॉर्मेशन’ में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, एलसीए तेजस और मिग-29 समेत छह तरह के लड़ाकू विमान शामिल हुए। इन विमानों ने आसमान में तीर की नोक जैसी आकृति बनाई। जबकि जगुआर और मिराज-2000 ने भी अनोखे करतब दिखाने हुए चार जगुआर विमानों ने मिलकर ‘पशुपति फॉर्मेशन’ में उड़ान भरी।
आसमान में बनाई हीरे जैसी आकृति
इस दौरान विमानों ने आसमान में हीरे जैसी आकृति बनाई। जगुआर विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता के लिए जाना जाता है। इसके अलावा मिराज- 2000 लड़ाकू विमानों और भारतीय नौसेना के पी-8 आई समुद्री निगरानी विमान ने मिलकर ‘नटराज फॉर्मेशन’ बनाई। इस प्रदर्शन में P-8I विमान के साथ दो मिराज-2000 विमान उड़ते दिखाई दिए।
…विमानों की ‘भैरव फॉर्मेशन’
वहीं एयर शो में एक सी-295 परिवहन विमान और दो डोर्नियर विमानों ने ‘भैरव फॉर्मेशन’ में हिस्सा लिया. सी-295 आधुनिक परिवहन विमान है, जबकि डोर्नियर विमानों का इस्तेमाल निगरानी, संपर्क और दूसरे जरूरी कामों के लिए किया जाता है कार्यक्रम के दौरान ‘भगीरथी फॉर्मेशन’ भी देखने को मिली।
आसमान में लहराया तिरंगा
इसमें स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टरों और अमेरिकी मूल के अपाचे हमलावर हेलीकॉप्टरों ने हिस्सा लिया। एयर शो के दौरान चेतक हेलीकॉप्टरों ने भी खास प्रदर्शन किया। ग्रुप कमांडर दीपांकर के नेतृत्व में तीन चेतक हेलीकॉप्टरों ने आसमान में तिरंगा लहराया। इस प्रदर्शन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।




















