लखनऊ एयरपोर्ट से तीन घंटे देर से दम्‍मान के लिए उड़ी फ्लाइनास की फ्लाइट, मच्‍छर व पार्किंग किराये के बोझ से भी लोग हुए परेशान

फ्लाइट्स

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। खाड़ी देशों में जाने वाले हजारों यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सऊदी अरब पर हमलों से विमान सेवा प्रभावित हो रही है। वहीं आज एयरलाइन फ्लाइनास की लखनऊ से दम्माम की सीधी उड़ान वाली फ्लाइट XY897 सुबह सवा छह बजे की जगह करीब सवा तीन घंटे देर से साढ़े नौ बजे लखनऊ से रवाना हुई। इंटरनेशनल फ्लाइट की बोर्डिंग व अन्‍य कामों के लिए तय समय से करीब तीन घंटा पहले रात तीन बजे पहुंचे यात्रियों को सुबह तक काफी परेशान होना पड़ा।

दूसरी ओर गौतम अडानी के कब्‍जे वाले लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने आये उनके परिजनों व परिचितों को भी  काफी दिक्‍कतें उठानी पड़ी। उन्‍होंने बताया कि परिसर में मच्‍छरों की भरमार से भी उन्‍हें काफी परेशानी हुई। इसके अलावा पार्किंग का चार्ज भी पहले से बढ़ जाने और फ्लाइट लेट होने के चलते वेटिंग का समय बढ़ने से कार का किराया तीन सौ से चार सौ तक अतिरिक्‍त वसूला गया।

यह भी पढ़ें- अडानी के कब्‍जे वाले लखनऊ एयरपोर्ट पर कार-बाइक पार्किंग हुई और महंगी, जानें नई दरें

लखनऊ से सीधी उड़ान बंद

दूसरी ओर सउदी अरब के हालात को देखते हुए फ्लाइनास ने भी आज से दम्‍मान की सीधी उड़ान लखनऊ से बंद कर दी है। सीधी उड़ानों के बंद होने से यात्री कनेक्टिंग विमानों के सहारे हो गए हैं। एयरवॉक ट्रैवल एजेंसी के आतिफ ने मीडिया को बताया कि शनिवार को दम्माम से लखनऊ के कनेक्टिंग विमान का किराया 6,16,777 रुपये पहुंच गया था। शुक्रवार का इसका किराया 1,39,652 रुपये था।

यह भी पढ़ें- इंडिगो का बड़ा फैसला, जेद्दा-दम्माम समेत तीन शहरों की उड़ानें 27 अक्टूबर तक की रद्द

गौरतलब है कि लखनऊ से दम्माम की सीधी उड़ान बंद होने का असर उन यात्रियों पर पड़ सकता है, जो काम, कारोबार या अन्य जरूरी कारणों से सऊदी अरब आते-जाते हैं। कनेक्टिंग फ्लाइट के महंगे किराये के कारण उनकी यात्रा का खर्च बढ़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि टिकट बुक करने से पहले उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि करें और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी लें।

यह भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई बड़ी लापरवाही, 132 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो फ्लाइट टेक ऑफ के बीच रनवे पर आया बंदर, टला हादसा