आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जांच के दौरान एक यात्री के बैग से 26 कारतूस मिले। जिसके बाद आनन-फानन में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षाबल ने यात्री को हिरासत में लेकर सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बांदा जिले के आमबाग निवासी संजीव अवस्थी गुरुवार सुबह 9:10 बजे इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (6ई 2146) से दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे। जहां सुरक्षा जांच के दौरान संजीव के बैग में 0.32 बोर रिवाल्वर के 18 और 30.06 एमएम राइफल के आठ कारतूस मिले। सीआइएसएफ ने संजीव अवस्थी को हिरासत में लिया और बाद में सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया।
यह भी पढ़ें- अमौसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला 315 बोर का कारतूस, पुलिस ने हिरासत में लिया
थाने पर संजीव ने अपने दोनों शस्त्रों के लाइसेंस प्रस्तुत किए। लाइसेंस की पुष्टि के बाद पुलिस ने बरामद कारतूस जब्त कर उन्हें जाने दिया। पुलिस पूछताछ में यात्री संजीव ने बताया कि कारतूस गलती से बैग में रह गए थे। इस घटना के कारण संजीव की दिल्ली जाने वाली उड़ान छूट गई। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




















