आरयू ब्यूरो, लखनऊ। वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में गुरुवार को कार्गो कंपार्टमेंट में अचानक स्मोक इंडिकेशन यानी धुएं का अलार्म बज गया। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जबकि अचानक इस अलार्म के बजने से पायलट समेत क्रू मेंबर के भी हाथ पांव फूल गए, जिसके बाद स्थिति को संभालते हुए फ्लाइट की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
मिली जानकारी के मुताबिक 155 यात्री और क्रू मेंबर्स को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX 1253) ने गुरुवार को वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उड़ान के दौरान फ्लाइट के कार्गो कंपार्टमेंट में अचानक स्मोक इंडिकेशन यानी धुएं का अलार्म बज गया। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। खतरे की चेतावनी मिलते ही पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया। इसके बाद सुबह करीब 8:52 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
विमान के लैंड करते ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, अग्निशमन दल और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। विमान को तुरंत स्टैंड पर पार्क किया गया और सुबह करीब 9:02 बजे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। विमान में कुल 155 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे।
यह भी पढ़ें- 194 यात्रियों को मुंबई ला रही इंडिगो की फ्लाइट से अचानक निकला धुआं, रास्ते में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
इंजीनियरों और सुरक्षा टीमों ने विमान का गहन निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुआं या आग का कोई निशान नहीं मिला। अलार्म बजने की वजह तकनीकी फॉल्स इंडिकेटर मानी जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद जब स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई, तो विमान को आगे की यात्रा के लिए क्लीयरेंस दे दिया गया और उसे रवाना कर दिया गया।




















