194 यात्रियों को दुबई से मुंबई ले जा रही फ्लाइट से अचानक निकला धुआं, राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग

आरयू वेब टीम। दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार को कार्गो होल्ड एरिया में धुआं निकलने की खबर से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद इमरजेंसी घोषित कर फ्लाइट को राजकोट डाइवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस फ्लाइट में कुल 194 लोग सवार थे।

मिली जानकारी के अनुसार एयरबस A321 एयर क्राफ्ट, फ्लाइट नंबर IGO1452 में 194 पैसेंजर सवार थे। प्लेन दुबई से मुंबई के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में प्लेन के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं देखा गया। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। पैसेंजर की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट अधिकारियों ने दोपहर 2:45 बजे पूरी इमरजेंसी घोषित कर दी और प्लेन दोपहर 3:27 बजे राजकोट के हीरासर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन विमानों की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, खराब मौसम के बाद की गई डायवर्ट

इस दौरान पूरे 42 मिनट तक 194 लोगों की सांसें अटकी रहीं। हालांकि अंत में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और धुआं निकलने की वजह की जांच की जा रही है। इस संबंध में राजकोट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोरा ने कहा, “दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखने के बाद राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान सुरक्षित रूप से लैंड हो गया, और सभी यात्री सुरक्षित हैं।” इसी महीने के बीच में बेंगलुरु में इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की पर्ची मिली थी, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कुछ नहीं मिला था।

यह भी पढ़ें- हवा में आठ घंटे अटकी रहीं 230 यात्रियों की सांसें, खराबी के बाद दिल्‍ली एयरपोर्ट पर हुई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग