यूपी में दो वरिष्ठ IAS अफसरों के विभागों में फेरबदल, मिली ये जिम्मेदारी

आइएएस अफसर

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पीसीएस व आइएएस के बाद अब योगी सरकार ने शुक्रवार को शासन स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किए हैं। सरकार ने दो वरिष्ठ आइएएस अफसरों के कार्यभार में बदलाव किया है। जिसके तहत भवानी सिंह खंगारौत को गन्ना आयुक्त एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

इस बदलाव के तहत अब तक सचिव वित्त का दायित्व संभाल रहे भवानी सिंह खंगारौत को नई जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर, गन्ना आयुक्त एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रहीं मिनिस्ती एस को वित्त विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।

दरअसल भवानी सिंह खंगारौत उत्तर प्रदेश कैडर के 2010 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। वे वर्ष 2009 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी। राजस्थान के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक करने वाले खंगारौत प्रशासनिक सेवा में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वे मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में निदेशक (प्रशासन) और वित्त विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब उन्हें गन्ना आयुक्त के साथ उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का कार्यभार सौंपा गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में दो IPS अफसरों का तबादला, नोएड व कानपुर नगर के बदले JCP

वहीं मिनिस्ती एस उत्तर प्रदेश कैडर की 2003 बैच की वरिष्ठ आइएएस अधिकारी हैं। मूल रूप से केरल की रहने वाली मिनिस्ती ने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक और पर्सनल मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। प्रशासनिक सेवा के दौरान वे फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग, स्टांप एवं पंजीकरण विभाग और वाणिज्य कर विभाग में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। अब शासन ने मिनिस्ती एस सचिव वित्त के पद पर तैनात किया है। इस फेरबदल के बाद दोनों अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां निर्धारित हो गई हैं।

यह भी पढ़ें- 35 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर, लखनऊ-वाराणसी समेत कई कमिश्‍नरेट में बदले अफसर