#BypollResults2023: यूपी की घोसी सीट पर सपा ने मारी बाजी, भाजपा के दारा सिंह चौहान को मिली करारी हार, अन्‍य छह सीटों का भी जानें हाल

सात विधानसभा
जीत का जश्‍न मनाते सपा कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी की घोसी, झारखंड की डुमरी, केरल की पुथुपल्ली, त्रिपुरा की धनपुर, बॉक्सानगर, उत्तराखंड की बागेश्वर और पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी सीट पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट शुक्रवार को घोषित कर दिया गया। इन सात सीटों में से तीन पर भाजपा ने जीत दर्ज की। वहीं समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरन की झारखंड मुक्ति मोर्चा और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को एक-एक सीट मिली है।

बहुचर्चित यूपी की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने विजय हासिल की है। इस चुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,759 वोटों से हराया। इसी के साथ सपा इस सीट को बचाने में कामयाब रही। 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में यहां सपा ने ही जीत दर्ज की थी। इसके अलावा लखनऊ में मोहनलालगंज में जिला पंचायत की वार्ड नंबर 18 पर हुए उपचुनाव मे सपा समर्थित प्रत्याशी रेशमा रावत ने जीत दर्ज की है। रेशमा ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी संगीता रावत को 2236 वोटों से हराया। चुनाव मे रेशमा को 7097 ,संगीता को 4681, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार रेनू रावत को 2458 वोट मिले।

वहीं इन सात सीट में से एक पर मुस्लिम उम्मीदवार इलेक्शन जीते हैं और वो भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे थे। त्रिपुरा की बॉक्सानगर सीट पर हुए उपचुनाव में तफ्फजल हुसैन ने बड़ी जीत दर्ज की। तफ्फजल हुसैन को 34 हजार 146 वोट मिले, वहीं दूसरे नंबर पर  मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआइएम) के उम्मीदवार को मिजान हुसैन को तीन हजार 909 मत मिले। तफ्फजल ने मिजान को 30 हजार 237 वोट से हरा दिया।

सीपीआइएम को लगा झटका

अल्पसंख्यक बहुल बॉक्सानगर सीट पर तीसरे नंबर पर रहे निर्दलीय मोहम्मद सलीम को सिर्फ 181 वोट मिले। वहीं रतन हुसैन को 144 और नोटा का बटन 434 लोगों ने दबाया। सीपीआइएम विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर सीट पर उपचुनाव हुआ था।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का ऐलान, घोसी विधानसभा उपचुनाव में सपा को करेगी समर्थन
धनपुर में जीती भाजपा

त्रिपुरा की दूसरी सीट यानी धनपुर पर हुआ उपचुनाव भी भाजपा ने जीत लिया है। बिंदू देबनाथ ने यहां 18,871 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। देबनाथ को 30 हजार 17 मत मिले और कौशिक चंद्रा ने 11 हजार 148 वोट हासिल किए। भाजपा ने सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार धनपुर सीट पर जीत दर्ज की थी। केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के एमएलए पद से इस्तीफा देने के कारण यहां उपचुनाव हुआ था।

अब किसके पास कितनी सीटें?

त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के विधायकों की संख्या अब 33 हो गयी है। उसकी सहयोगी पार्टी इंडीजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आइपीडीटी) का एक एमएलए है। वहीं टिपरा मोथा के 13, सीपीआईएम के दस और कांग्रेस के तीन विधायक हैं।

यह भी पढ़ें- घोसी उपचुनाव में बीजेपी ने सपा से लौटे दारा सिंह चौहान को दिया टिकट