हवाई सफर होगा महंगा, इंडिगो ने बढ़ाए फ्यूल सरचार्ज

इंडिगो विमान
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। अगर आप भी फ्लाइट टिकट बुक करने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब आपका यात्रा बजट बिगड़ने वाला है। इंडिगो एयरलाइन ने जेट फ्यूल यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। नई दरें मंगलवार से लागू होंगी। इस बदलाव का सीधा असर हवाई यात्रियों की जेब पर पड़ेगा।

खासकर त्योहारों के दौरान जब बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाने या घूमने के लिए फ्लाइट बुक करते हैं, ऐसे समय में टिकट का बढ़ा हुआ खर्च यात्रियों के बजट को प्रभावित करता है। इंडिगो ने घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज में सौ रुपये से लेकर 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। हालांकि सभी यात्रियों पर एक जैसा अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। फ्यूल सरचार्ज यात्रा की दूरी के आधार पर तय किया जाएगा।

यानी कम दूरी की फ्लाइट के लिए अलग और लंबी दूरी की उड़ान के लिए अलग सरचार्ज लागू हो सकता है। नई दरें छह अक्टूबर 2026 से लागू होंगी। घरेलू उड़ानों में अब दूरी के हिसाब से 375 से 1,300 रुपये प्रति सेक्टर तक फ्यूल चार्ज देना होगा। अप्रैल में यह शुल्क 275 से 950 रुपये तक था। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह स्थिति पर नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर उचित बदलाव करेगी।

ऐसे में अगर आप आने वाले दिनों में घरेलू फ्लाइट से यात्रा करने वाले हैं, तो टिकट बुक करते समय बढ़े हुए फ्यूल सरचार्ज का ध्यान रखना होगा। इंडिगो ने केवल घरेलू उड़ानों के लिए ही फ्यूल सरचार्ज में बदलाव नहीं किया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी चार्ज में बदलाव किया गया है। हालांकि विदेश जाने वाली फ्लाइट पर कितना फ्यूल सरचार्ज लगेगा, यह संबंधित रूट और यात्रा की दूरी पर निर्भर करेगा। इसलिए इंटरनेशनल फ्लाइट की टिकट बुक करने वाले यात्रियों को अपने रूट के हिसाब से बढ़े हुए शुल्क को ध्यान में रखकर बजट तैयार करना होगा।