आरयू ब्यूरो, लखनऊ। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में छह अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला होने वाला है। मैच को लेकर ट्रैफिक पुलिस कमिश्नरेट ने विस्तृत रूट डायवर्जन की गाइडलाइंस जारी की हैं। मैच समाप्ति तक शहीद पथ पर रोडवेज, प्राइवेट बसों समेत सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन के अनुसार शहीद पथ पर सभी प्रकार की बसों और छोटे-बड़े कमर्शियल वाहनों पर नो-एंट्री रहेगी। तेलीबाग से पीजीआई होते हुए हरिकंश गढ़ी, किसान पथ से कबीरपुर उतरकर सुल्तानपुर की ओर निकल सकेंगे। साथ ही सुल्तानपुर रोड पर व्यवसायिक वाहन अमूल तिराहा से और अर्जुनगंज/कैंट की ओर से आ रहे वाहन कटाई पुल से डायवर्ट किए जाएंगे। सिटी बसें शहीद पथ पर चलेंगी, लेकिन हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच नहीं रुकेंगी और केवल सड़क की दाईं लेन में चलेंगी।
वहीं ऑटो और ई-रिक्शा का शहीद पथ के साथ-साथ सर्विस रोड पर भी संचालन प्रतिबंधित रहेगा।अहिमामऊ चौराहे के 500 मीटर के दायरे में किसी भी सवारी को उतारने या बैठाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जबकि अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पुलिस मुख्यालय, यूपी-112 और मातृत्व अस्पताल के पीछे स्थित ई-मार तिराहा (टी-प्वाइंट) पर सवारियां उतारेंगे और जी-20 तिराहे से गोमतीनगर की तरफ जाएंगे।
यह भी पढ़ें- IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, इकाना में होगा सात मुकाबला, वेस्टइंडीज से मैच की भी लखनऊ करेगा मेजबानी
इसके अलावा सुल्तानपुर रोड के वाहन लुलु मॉल की तरफ जाकर सवारियां उतार सकेंगे। हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर ओला/उबर सवारियां नहीं उतार सकेंगी। एयरपोर्ट से आने वाले वाहन अहिमामऊ से पहले ही सवारी ड्रॉप करेंगे। साथ ही अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहा से पलासियो मॉल होते हुए निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे। बिना पास वाले निजी वाहन भी अहिमामऊ से एचसीएल होकर जाएंगे।
पहले आओ-पहले पाओ
‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर पहले पलासियो मॉल में पार्किंग मिलेगी। मॉल की पार्किंग भरने पर वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच सड़क किनारे निर्धारित स्थान पर पार्क कराए जाएंगे। सभी दोपहिया वाहन अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुए पलासियो मॉल के पीछे पार्क किए जाएंगे। पलासियो या स्टेडियम के सामने सड़क पर अवैध रूप से गाड़ी खड़ी करने पर क्रेन से टोइंग और व्हील-क्लैंप लगाने की सख्त कार्रवाई होगी।
दर्शकों के लिए गाइडलाइंस
मैच के दिन स्टेडियम पर कोई टिकट काउंटर नहीं होगा. दर्शक पहले से टिकट लेकर ही आएं ऑनलाइन बुक किए गए टिकट का प्रिंटआउट लाना अनिवार्य है। मोबाइल में टिकट दिखाने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। टिकट पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर पार्किंग मैप देखा जा सकता है। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। स्टेडियम में प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले शुरू हो जाएगा। दूसरी पारी के मध्य के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। एक बार स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश नहीं होगा।
इन सामानों पर रहेगा प्रतिबंधित
वहीं इकाना स्टेडियम में सिक्के, ईयरफोन, चार्जर, पानी की बोतल और किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ अंदर ले जाना पूरी तरह वर्जित है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि मैच देखने नहीं जा रहे हैं, तो शाम छह बजे से रात आठ बजे के बीच शहीद पथ और स्टेडियम के आस-पास के रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।



















