श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराई इंडिगो की फ्लाइट, बड़ा हादसा टला

इंडिगो फ्लाइट
विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम पोल से टकराई इंडिगो की फ्लाइट।

आरयू वेब टीम। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नवी मुंबई से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E-225 पार्किंग के दौरान VDGS (विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम) पोल से जा टकराई। अचानक जोरदार झटका लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि फ्लाइट में सवार सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा किसी प्रकार की चोट की सूचना नहीं है। जबकि टक्कर के कारण विमान के अगले हिस्से यानी नोज सेक्शन को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला गया और मामले की जांच शुरू की गई।

इंडिगो एयरलाइंस के मुताबिक, नवी मुंबई से श्रीनगर के लिए संचालित फ्लाइट 6E-225 (VT-NOG) शुक्रवार सुबह श्रीनगर एयरपोर्ट पर पहुंची थी। सुबह करीब 9:02 बजे विमान को बे नंबर-06 पर पार्किंग पोजीशन में लाया जा रहा था, तभी फ्लाइट एयरपोर्ट पर लगे विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम पोल से टकराई गई। एयरलाइन ने बताया कि घटना के समय विमान में मौजूद सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रहे और किसी भी तरह की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली। घटना के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वहीं एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया। इंडिगो ने कहा है कि निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत संबंधित प्राधिकरण घटना की जांच करेंगे। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि फ्लाइट और वीडीजीएस पोल के बीच संपर्क किन परिस्थितियों में हुआ। श्रीनगर में इंडिगो विमान के क्षतिग्रस्त होने के मामले में एयरलाइंस का बयान भी सामने आ गया है। कंपनी का कहना है कि फ्लाइट 6E 225 चार सितंबर को नवी मुंबई से श्रीनगर जा रही थी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ से यात्रियों को लेकर उड़ी इंडिगो की फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान विमान पार्किंग स्टैंड के पोल से टकरा गया। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। सभी यात्रियों और क्रू को विमान से उतार लिया गया है। विमान को जरूरी मेंटेनेंस के लिए ग्राउंड कर दिया गया है. अब जरूरी क्लियरेंस मिलने के बाद ही विमान दोबारा उड़ान भरेगा। घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य रहा। सभी निर्धारित आगमन और प्रस्थान सेवाएं तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहीं। फिलहाल मामले से जुड़ी विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 14 हजार फीट की ऊंचाई यात्रियों से भरी इंडिगो की फ्लाइट का इंजन फेल, वापस हुई लैंडिंग, बहुत बड़ा हादसा टला