आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिवाली से पहले नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के आवेदकों को भूखंड आवंटित करना लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में आज लॉटरी के पहले दिन नैमिष नगर के 1630 भूखंड में 721 व वरुण विहार के 2847 प्लाट में से 1,522 आवेदकों को भूखंड आवंटित किया गया। अन्य कैटेगरी के बचे भूखंडों की लॉटरी एलडीए गुरुवार व शुक्रवार को कराएगा।
वरुण के लिए नौ तो नैमिष के प्लॉट के लिए मात्र आठ आवेदक
वरुण विहार व नैमिष नगर योजना के प्रचार प्रसार में भले ही एलडीए जी जान से जुटा है, लेकिन इनके भूखंडों के लिए आवेदन उम्मीद से काफी कम आ रहें हैं। वरुण विहार के 2847 भूखंडों के लिए 25164 लोगों ने रजिस्ट्रेश कराया था, यानि एक भूखंड के लिए करीब नौ आवेदन। वहीं नैमिष नगर के 1630 प्लॉट के लिए करीब 13 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया, यानि एक भूखंड के लिए मात्र आठ लोगों ने इच्छा जताई है।
अभी से डिमांड कम, आगे क्या होगा?
दोनों ही बड़ी योजनाओं की शुरूआत में ही इतनी कम डिमांड के पीछे सबसे बड़ी वजह इन योजनाओं के प्लॉट का ऊंचा दाम समझा जा रहा। शहरी इलाकों से काफी दूर होने के बाद भी वरुण विहार योजना के प्लाट जहां 28 हजार रुपये वर्ग मीटर हैं, वहीं नैमिष नगर में प्लाट खरीदना लोगों को और भारी पड़ रहा। यहां एलडीए ने भूखंड का दाम 38 हजार रुपये वर्गमीटर तय किया है, जबकि आवास विकास परिषद की योजना में भूखंडों के दाम इनसे काफी कम तय किया गया है। आवास विभाग के ही अंतर्गत आने वाले दोनों विभागों के भूखंडों के दामों में भारी अंतर होने के पीछे तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
यह भी पढ़ें- लगातार घट रही अनंत नगर के प्लॉट की डिमांड, 39 व 25 के बाद एक भूखंड के लिए हुए मात्र 11 रजिस्ट्रेशन
वीसी-सचिव ने जाना हाल, दिए निर्देश
वहीं लॉटरी के दौरान आज एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार व सचिव सुशील प्रताप सिंह आइजीपी पहुंचे। जहां अधिकारियों ने लॉटरी की पूरी प्रक्रिया व आवेदकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पारदर्शिता के साथ आवंटन कराने का मातहतों को निर्देश दिया। साथ ही, लॉटरी में उपस्थित सभी आवेदकों को शुभकामनाएं दीं।
एलडीए अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी ने बताया कि आइजीपी के मार्स हॉल में नैमिष नगर के पहले चरण की लॉटरी हुई है। पहले दिन 72 वर्ग मीटर के 197 व 112.5 वर्ग मीटर के 524 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन किया गया। अब बृहस्पतिवार को 162 व 200 वर्ग मीटर के 819 व शुक्रवार को 288 व 450 वर्ग मीटर के 133 भूखंडों का लॉटरी ड्रॉ होगा
यह भी पढ़ें- वरुण विहार व नैमिष नगर के लिए LDA बैंक से लेगा एक हजार करोड़ का लोन, बोर्ड ने योजनाओं के ले-आउट के साथ दी मंजूरी
वहीं अंडर ट्रांसफर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि आइजीपी के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के पहले चरण की लॉटरी की गयी। पहले दिन 112.5 वर्गमीटर के 1,522 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन किया गया। कल 200 वर्ग मीटर के 617 और शुक्रवार को 162, 288, 300 व 450 वर्ग मीटर के 727 प्लाट की लॉटरी होगी।
यू-ट्यूब पर लॉटरी का लाइव
नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर के बीच ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन खोला गया था। दोनों योजनाओं में कुल 38,457 लोगों ने पंजीकरण कराया है। बुधवार को लॉटरी के पहले दिन दोनों योजनाओं के 2,243 भूखंडों का लकी ड्रॉ खोला गया। जिसमें मंच पर आवेदकों के हाथों से लॉटरी की पर्चियां एलडीए अफसर-कर्मियों ने निकलवायी। साथ ही प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी चलता रहा।
4,100 एकड़ में विकसित हो रही नैमिष नगर
इससे पहले प्रथमेश कुमार ने बताया कि सीतापुर रोड पर 4,100 एकड़ में विकसित हो रही नैमिष नगर योजना के पहले चरण में ब्रह्म खंड, भूमि खंड फेज-1 व भूमि खंड फेज-2 में 72 से लेकर 450 वर्ग मीटर के भूखंड हैं। चार नवंबर को 72 एवं 112.5 वर्ग मीटर, पांच नवंबर को 162 व 200 वर्ग मीटर व 06 नवंबर को 288 व 450 वर्ग मीटर भूखंड के समस्त कैटेगरी के आवेदकों के बीच लकी ड्रॉ होगा।
यह भी पढ़ें- IT सिटी में LDA ने शुरू किया डेवलपमेंट वर्क, तीन करोड़ के प्लॉट में बदल जाएगी किसानों की आठ लाख वाली जमीन
6,580 एकड़ में विकसित हो रही वरुण विहार
इसी तरह आगरा एक्सप्रेस-वे के पास 6,580 एकड़ में विकसित हो रही वरुण विहार योजना के पहले चरण में काशी खंड, कैलाश खंड फेज-1 व कैलाश खंड फेज-2 में 112.5 से 450 वर्ग मीटर के भूखंड हैं। चार नवंबर को 112.5 वर्ग मीटर, पांच नवंबर को 200 वर्ग मीटर व छह नवंबर को 162, 288, 300 व 450 वर्ग मीटर के सभी श्रेणी के आवेदकों के बीच लकी ड्रॉ होगा।
आज लॉटरी के दौरान वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार, ओएसडी रवि नंदन सिंह व राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।




















