दिवाली से पहले LDA सचिव समेत 52 PCS अफसरों को मिला वेतनमान में प्रमोशन का गिफ्ट

सुशील प्रताप सिंह
सुशील प्रताप सिंह।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिवाली से ठीक पहले लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव सुशील प्रताप सिंह समेत 52 पीसीएस अफसरों को वेतनमान में बढ़ोतरी का गिफ्ट मिला है। योगी सरकार ने 2012, 2013 व 2014 बैच के इन सीनियर अधिकारियों को 6,600 रुपये ग्रेड पे से बढ़ाकर 7,600 रुपये ग्रेड पे के चयन वेतनमान में प्रमोशन देने की मंजूरी दी है। इस संबंध में नियुक्ति विभाग ने शनिवार को आदेश भी जारी कर दिया है।

जारी आदेश में सभी 52 अधिकारियों के नाम, उनके बैच और मौजूदा तैनाती की जानकारी दी गई है। इस फैसले से अधिकारियों के वेतनमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, यह बढ़ोतरी उनके वर्तमान पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी।

यह भी पढ़ें- छह PCS अफसरों का तबादला, सुशील प्रताप सिंह पर शासन ने जताया पहले से ज्‍यादा भरोसा, दी LDA सचिव की जिम्‍मेदारी

52 अफसरों की लिस्‍ट में साल 2012 बैच के दो, 2013 बैच के 25 और 2014 बैच के 25 अधिकारी शामिल हैं। इनकी तैनाती उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों, मंडलों और सरकारी संस्थानों में है। सूची में लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, अयोध्या, वाराणसी, बरेली, कानपुर, गोंडा, मुरादाबाद और सहारनपुर समेत कई जगहों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- UP: सीनियर IAS अफसरों के विभागों में फेरबदल, मिली ये जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश शासन के नियुक्ति अनुभाग-3 की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के मुताबिक, विभागीय चयन समिति की संस्तुति पर इन अधिकारियों को पदोन्नति देने का फैसला लिया गया है। पहले ये अधिकारी वेतन बैंड-3 में 15,600 से 39,100 रुपये के वेतनमान और 6,600 रुपये ग्रेड पे (लेवल-11) में काम कर रहे थे। अब इन्हें 15,600 से 39,100 रुपये के वेतन बैंड में 7,600 रुपये ग्रेड पे (लेवल-12) का चयन वेतनमान दिया गया है। इसका लाभ अधिकारियों को उनके वर्तमान पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से मिलेगा।

इन्हें मिला प्रमोशन

चयन वेतनमान पाने वाले 52 पीसीएस अधिकारियों में से 2012 बैच के एलडीए सचिव सुशील प्रताप सिंह रजनीश कुमार मिश्रा (अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, शाहजहांपुर ) शामिल हैं। 2013 बैच के अधिकारियों में हिमांशु कुमार गुप्ता (सचिव, बरेली विकास प्राधिकरण), अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव-I, जुबेर बेग, अमित कुमार भट्ट, ममता मालवीय, राहुल यादव, विनीत कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह और रामजी मिश्रा के नाम शामिल हैं।

2014 बैच के अधिकारियों की पदोन्नति

इस प्रक्रिया में कई और नाम भी शामिल है। जैसे- 2014 बैच के अधिकारियों में अभिनव रंजन श्रीवास्तव, दिनेश, गौरव श्रीवास्तव, सूर्यकांत त्रिपाठी, शशि भूषण राय, दीपाली भार्गव, विनय कुमार सिंह-II, अभय कुमार पांडे-II, अमित कुमार, विवेक चतुर्वेदी और सुनील कुमार। ये अधिकारी वर्तमान में अयोध्या, लखनऊ, महोबा, बरेली, हरदोई, वाराणसी, कानपुर और फतेहपुर सहित विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी में 11 PCS अफसरों का तबादला, संजय कुमार बनें अपर नगर आयुक्‍त लखनऊ नगर निगम