आरयू वेब टीम। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर मोदी सरकार पर एक बार फिर से हमला बोला है। साथ ही कर्नाटक सरकार द्वारा एकत्र किए गए नमूनों के परीक्षण परिणामों का हवाला देते हुए मोदी सरकार से देशभर में बेचे जा रहे ईंधन में इथेनॉल की वास्तविक मात्रा को स्पष्ट करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल प्रतिशत बताना अनिवार्य करने की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने किया खारिज
राहुल गांधी ने शनिवार को एक पोस्ट में कहा, ‘‘ई20 बना 420 जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी!’’ साथ ही कहा कि मोदी सरकार कहती है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल है, लेकिन कर्नाटक सरकार ने सात जिलों से पेट्रोल के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच करवाई तो इथेनॉल की मात्रा सीमा से ऊपर पाई गई। ‘‘नतीजा देखिए 14 में से 11 नमूनों में 20 प्रतिशत से ज्यादा इथेनॉल। आईओसीएल में 31.2 प्रतिशत, एचपीसीएल में 30.5 प्रतिशत।
चालन क्षमता पर पड़ सकता है असर
वहीं आईओसीएल, एचपीसीएल, नयारा, शेल सरकारी कंपनी हों या निजी-सब सीमा से ऊपर और कंपनियों की अपनी प्रयोगशालाओं ने इथेनॉल की मात्रा रिपोर्ट में लिखी ही नहीं।’’ राहुल गांधी ने दावा किया कि गाड़ी में अधिक इथेनॉल से उसकी चालन क्षमता पर असर पड़ सकता है। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल की मात्रा के बारे में कोई जानकारी लिखी नहीं होने का भी आरोप लगाया।
देश की टंकी में क्या जा रहा भरा
इस दौरान प्रधानमंत्री पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी, बताइए देश की टंकी में क्या भरा जा रहा है? पेट्रोल में असल में कितना इथेनॉल है? 20 प्रतिशत से ज़्यादा मिलावट करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई कब होगी?’’ साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि बहस में ये मुद्दा भी जोड़ा जा सकता है।
ये है मामला
बता दें कि राहुल गांधी की ये टिप्पणी कर्नाटक सरकार के उस आरोप के एक दिन बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि प्रमुख तेल विपणन कंपनियां निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक इथेनॉल वाले पेट्रोल की आपूर्ति कर रही हैं, और परीक्षणों में यह स्तर 31.2 प्रतिशत तक दर्ज किया गया है। सरकार ने इन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले और कानूनी माप विज्ञान मंत्री रिजवान अरशद ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि ये आरोप बेंगलुरु, कोलार, चिक्काबल्लापुर, बेंगलुरु ग्रामीण, रामनगर, मंगलुरु और तुमकुरु से एकत्र किए गए।




















