यूपी के हाईवे व प्रमुख सड़कों पर छुट्टा मिले गाय-सांड, बछड़े तो मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी पर होगी कठोर कार्रवाई, मंत्री धर्मपाल सिंह ने दी अफसरों को चेतावनी

छुट्टा गोवंश
अधिकारियों को निर्देश देते कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। छुट्टा गाय-सांड के चलते यूपी में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं में मौतों को देखते हुए कैबिनेट मंत्री ने एक सार्थक कदम उठाया है। यूपी के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज अधिकारियों को हालात सुधारने के लिए सख्‍त निर्देश दिये हैं। कैबिनेट मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यूपी हाईव व प्रमुख सड़कों पर कही भी छुट्टा गोवंश मिला तो संबंधित मुख्‍य पशु चिकित्‍सा अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम भी प्राथमिकता

धर्मपाल सिंह आज विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के कामों की समीक्षा के दौरान अफसरों से कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम भी विभाग की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।

यह भी पढ़ें- छुट्टा गोवंश के रहने-खाने पर 125 करोड़ खर्च करेगी योगी सरकार

गोवर्धन पूजा पर गौशालाओं में हो भव्य आयोजन

साथ ही धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिए कि आगामी 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर यूपी की सभी गौशालाओं में भव्य आयोजन कराए जाएं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। इस अवसर पर गौशालाओं में स्‍पेशल सफाई अभियान चलाने, गोवंश की समुचित देखभाल, सेवा करने तथा उन्हें गुड़ एवं हरा चारा खिलाने की व्यवस्था भी होनी चाहिये। इन आयोजनों की निगरानी संबंधित मंडलीय अपर निदेशक एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी करेंगे।

दीपावली पर जनता को मिले पर्याप्‍त पराग दूध

इसके अलावा दुग्ध समितियों के गठन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इससे दुग्ध उत्पादकों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने पराग ब्रांड के उत्पादों की प्रभावी मार्केटिंग पर जोर देते हुए कहा कि दीपावली पर आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं शुद्ध पराग उत्पाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए विपणन एवं वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।

यह भी पढ़ें- गौशालाओं में हो चारा, दवा-इलाज, CCTV व ठंड से बचाव समेत पूरा प्रबंध, गड़बड़ी मिली तो करेंगे कड़ी कार्रवाई, धर्मपाल सिंह ने दी अफसरों को चेतावनी

पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने गोवंश संरक्षण, गौशालाओं की स्वच्छता, गोवर्धन पूजा के आयोजन तथा दुग्ध समितियों एवं पराग उत्पादों से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा करने को कहा।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार में यूपी से गायब हुए 37.18 प्रतिशत गोवंश, अमिताभ ठाकुर ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव विवेक कुमार श्रीवास्तव, दुग्ध विकास विभाग के विशेष सचिव राम सहाय यादव, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक योगेश, दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के., पशुपालन निदेशालय के निदेशक (रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र) डॉ. संगीता तिवारी, निदेशक प्रशासन एवं विकास डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित पीसीडीएफ व शासन के अन्‍य अफसर मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- गो पालकों को राहत के लिए दस रुपए लीटर गोमूत्र और पांच रुपए किलो गोबर खरीदेगी योगी सरकार, आश्रम में लगेगा प्‍लांट