गो पूजन कर धर्मपाल सिंह ने कहा, सनातन परंपरा में कृषि, ऋषि व गाय का स्थान महत्वपूर्ण

गो पूजन
गो पूजन करते धर्मपाल सिंह साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार के पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह आज बंथरा स्थित तपोभूमि गुरुकुल वैदिक संस्कृत विद्यालय में कृष्ण गोपाष्टमी संदर्भ और अक्षय नवमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्‍होंने गो पूजन करने के साथ ही गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया।

यह भी पढ़ें- गो पालकों को राहत के लिए दस रुपए लीटर गोमूत्र और पांच रुपए किलो गोबर खरीदेगी योगी सरकार, आश्रम में लगेगा प्‍लांट

इस मौके पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि देश की सनातन परंपरा में कृषि, ऋषि और गाय का महत्वपूर्ण स्थान है। गाय हमारी आर्थिक ऊर्जा का स्रोत है, ऋषि और कृषि जीवन यापन, व्यवस्था, आस्था व सभ्यता के द्योतक हैं। इसलिए वर्तमान परिस्थितियों में देश की उन्नति एवं प्रगति में गौ आधारित कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है। गाय और कृषि एक दूसरे के पूरक हैं। गाय पूरी दुनिया की भी माता है, इसलिए हम सबको गो सेवा का संकल्प लेना चाहिए।

सरकार से सहयोग दिलाने का  दिया आश्‍वासन

पशुधन मंत्री ने निरीक्षण करने के साथ ही संचालित गौशाला की व्यवस्था की प्रशंसा की और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सरकार से सहयोग दिलाने का आश्वासन भी दिया। साथ ही धर्मपाल सिंह ने विद्यालय के छात्रों का मार्गदर्शन किया और भारतीय संस्कृति और परंपरा को शिक्षा के रूप में ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।

यह भी पढ़ें- पशु कल्याण बोर्ड की देशवासियों से अपील, 14 फरवरी को मनाएं काउ हग डे

आयोजनकर्ता आचार्य सप्तऋषि मिश्र ने आशीर्वचन देने के लिए पशुधन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वामी कमलानंद ( पूर्व आइएएस कमल टावरी), दंडी स्वामी व राम महेश मिश्रा समेत अन्‍य लोग मौजूद रहें।