योगी सरकार को GST-VAT व स्‍टाम्‍प के रूप में जनता ने पिछली बार से दिया 1,939 करोड़ अधिक, राजस्‍व बढ़कर हुआ 19,686 करोड़

सुरेश कुमार खन्‍ना

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार यूपी की जनता से टैक्‍स वसूलने के मामले में लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर में प्रदेश सरकार को प्रमुख कर-करेत्तर राजस्व मदों से कुल 19,686 करोड़ रुपये जनता ने सरकारी खजाने में जमा किया है, जबकि पिछले साल अक्‍टूबर में उसे 17,747 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। इस प्रकार अक्टूबर 2025 की तुलना में अक्टूबर 2026 में 1,939 करोड़ रुपये योगी सरकार को अधिक मिले हैं।

टैक्‍स वसूली के कीर्तिमान से उत्‍साहित यूपी के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज मीडिया को बताया कि अक्टूबर 2026 में जीएसटी के अंतर्गत 8,154 करोड़ योगी सरकार को मिला था, जबकि गत वर्ष यह 6,831 करोड़ रुपये था। इस तरह जीएसटी संग्रह में 1,323 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। इसी प्रकार वैट से 2,705 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो गत वर्ष के 2,402 करोड़ रुपये के मुकाबले 303 करोड़ रुपये अधिक है।

यह भी पढ़ें- जनता को परेशान करने वाले अफसरों को लेकर सीएम योगी ने कहा, अयोग्य का जिम्मेदार पद पर बैठना भी खतरनाक

वित्त मंत्री ने बताया कि स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में 2,714 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि गत वर्ष 2,287 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई थी। इस प्रकार 427 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग में राजस्व प्राप्ति 300 करोड़ रुपये से बढ़कर 356 करोड़ रुपये हो गई, जो गत वर्ष की तुलना में 56 करोड़ रुपये अधिक है।

सुरेश खन्‍ना ने कहा कि आबकारी विभाग में अक्टूबर 2026 के दौरान 4,495 करोड़  का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि गत वर्ष 4,508 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई थी। इसी प्रकार परिवहन विभाग में गत वर्ष के 1,419 करोड़ रुपये के मुकाबले इस वर्ष 1,262 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

अग्निवीरों के लिये जताया आभार

इस दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो साल की वृद्धि संबंधी निर्णय का स्वागत करते हुए मोदी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की प्रारंभिक नियुक्ति चार वर्ष के लिए की गई थी, जिसे अब दो वर्ष और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को नियमित सशस्त्र बलों में समायोजित किए जाने तथा शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों की सेवा अवधि दो वर्ष बढ़ाए जाने का निर्णय स्वागतयोग्य है।