बोले योगी, प्रियंका गांधी के राजनीति में आने से BJP पर नहीं पड़ेगा कोई असर

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। प्रियंका गांधी के अधिकारिक तौर पर राजनीति में आने के बाद एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोगों का कहना है कि यूपी में कांग्रेस की बागडोर प्रियंका गांधी के संभालने से भाजपा की संभावनाओं पर गहरा असर पड़ा है। वहीं इसको लेकर उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के राजनीति में आने से भाजपा की संभावनाओं पर कोई असर नहीं पडे़गा।

यह भी पढ़ें- सपा,बसपा,कांग्रेस को ‘सबका’ की संज्ञा दे बोले योगी, इसमें छिपा विनाश का बीज, इन वर्गों का मानदेय बढ़ाने का भी किया ऐलान

योगी ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें इस बार पार्टी महासचिव बनाया है। यह उस पार्टी का अंदरूनी मामला है। पूर्व में भी वह कांग्रेस के लिए प्रचार कर चुकी हैं और इस बार भी इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। योगी ने कहा कि देश की जनता जानती है कि नरेंद्र मोदी के हाथ में देश का भविष्य सुरक्षित है। 2019 के चुनाव भाजपा को स्वर्णिम अवसर देंगे और पार्टी विजय पताका फहराएगी।

वहीं मुख्यमंत्री ने एयर स्ट्राइक, राम मंदिर व गोहत्या जैसे मुद्दों पर भी खुलकर जवाब दिये। योगी ने कहा कि एयर स्ट्राइक के बाद भारत उन देशों में शामिल हो गया है जो कि अपने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देता है। देश हित में जब भी कहीं जरूरत पड़ी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़े कदम उठाए हैं।

मोदी ने पूर्वोत्तर सीमा पर उग्रवादियों के ठिकाने नष्ट करने के साथ शुरुआत की थी। उसके बाद उरी हमले के परिप्रेक्ष्य में कदम उठाये, नियंत्रण रेखा पर स्थित आतंकी ठिकानों का सफाया किया। इसके बाद एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान को जवाब दिया। सिर्फ इतना ही नहीं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान को अलग-थलग कर भारत की कूटनीतिक ताकत का एहसास कराया। उन्होंने कहा कि हम कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारत वैश्विक महाशक्ति बनकर उभरा है।

यह भी पढ़ें- योगी के मंत्री ने कहा, राहुल गांधी को कांग्रेस नहीं लेती सीरियस इसलिए प्रियंका को उतरना पड़ा मैदान में, ये छह सवाल भी पूछे

इस दौरान मुख्‍यमंत्री सपा-बसपा गठबंधन पर भी हमला बोलने से नहीं चूंके। उन्‍होंने कहा कि गठबंधन पहले ही विवादों में उलझ चुका है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अपने पहले साक्षात्कार में योगी ने कहा कि नया-नया बना  सपा-बसपा गठबंधन पहले ही विवादों में उलझ गया है। गठबंधन और कुछ नहीं बल्कि ‘हौवा’ है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान संपन्न होगा। राज्य में लोकसभा चुनाव के मतदान का पहला चरण 11 अप्रैल को शुरू होगा, जबकि सातवां एवं अंतिम चरण 19 मई को होने वाले मतदान के साथ संपन्न होगा। मतों की गणना 23 मई को की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 7.79 करोड़ पुरुष, 6.61 करोड़ महिला तथा 8374 अन्य समेत 14.4 करोड़ मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश में मतदान के लिये कुल 91709 मतदान केन्द्र बनाये जाएंगे।

यह भी पढ़ें- योगी ने कसा तंज, राम के विरोधी मारीच का जीवन बन गया बोझ