अपनी सबसे बड़ी योजना को शहर से जोड़ने के लिए LDA बनाएगा एलिवेटेड रोड, जून में खुलेगा वरूण विहार के भूखंडों का रजिस्‍ट्रेशन

वरूण विहार योजना
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित एलडीए की गोमती नगर से भी बड़ी आवासीय योजना वरूण विहार को शहर से जोड़ने की कोशिश प्राधिकरण करने जा रहा। इसके लिए हैदर कैनाल के समानांतर करीब 11 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड विकसित की जाएगी। जिससे हजरतगंज से वरूण विहार का सफर 20 मिनट में पूरा होने की संभावना है। साथ ही इस योजना के भूखंडों का रजिस्‍ट्रेशन भी अगामी जून में खुल जाएगा।

यह भी पढ़ें- BKT की महापंचायत में बोले राकेश टिकैत, सरकार ने बनाया किसानों की जमीन खरीदने का बड़ा प्लान, यूपी में संघर्ष तय

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने आज अपनी टीम के साथ वरूण विहार योजना का निरीक्षण कर एलिवेटेड रोड के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। कोई बड़ी अड़चन नहीं आयी तो जल्‍द ही इस एलिवेटेड रोड के लिए एलडीए काम भी शुरू करा देगा। वीसी ने कहा है कि जी.एच. कैनाल के समानांतर इस मास्टर प्लान रोड से शहर के दो छोर सीधे कनेक्ट होंगे, जिससे यातायात सुगम होगा और योजना की उपयोगिता बढ़ेगी।

कैलाश व काशी से शुरू होगी स्‍कीम

योजना के कैलाश खंड और काशी खंड सेक्‍टर में अगामी जून से करीब 2100 प्‍लॉट का रजिस्‍ट्रेश खोला जाएगा। उपाध्यक्ष ने इन दोनों सेक्टर व आसपास के क्षेत्र में ले-आउट के अनुसार 60 मीटर, 45 मीटर व 24 मीटर चैड़ी सड़कों के निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर कराने के निर्देश दिये हैं।

335 हेक्टेयर जमीन का हुआ बैनामा

वहीं प्रथमेश कुमार ने दोना गांव में बने अस्थायी साइट ऑफिस में आज अर्जन की कार्रवाई की समीक्षा की। इसमें प्रभारी अधिकारी अर्जन विराग करवरिया ने वीसी को बताया अब तक 853 हेक्टेयर जमीन के सहमति पत्र मिले हैं, जिसमें से 335 हेक्टेयर भूमि का बैनामा भी प्राधिकरण के पक्ष में हो चुका है। इस पर उपाध्यक्ष ने सेक्टर वार विवरण तैयार करने के निर्देश दिये। जिससे नक्शे में यह स्पष्ट हो सके कि किस सेक्टर में कितनी जमीन खरीदी जा चुकी है और कितनी भूमि के सहमति पत्र मिले हैं।

नादरगंज से किसान पथ तक चौड़ी होगी सड़क

इसके अलावा वीसी ने बताया कि अनंत नगर योजना की भी शहर से कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए नादरगंज से टी.एस. मिश्र विद्यालय, मोहान रोड होते हुए किसान पथ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाना है। जिसके लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उपाध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण करके जल्द से जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिये।

यह भी पढ़ें- लगातार घट रही अनंत नगर के प्‍लॉट की डिमांड, 39 व 25 के बाद एक भूखंड के लिए हुए मात्र 11 रजिस्‍ट्रेशन

नोटिस जारी कर तोड़ डालें अवैध निर्माण

वहीं वीसी ने जोन तीन के जोनल अधिकारी अतुल कृष्‍ण सिंह को निर्देश दिये कि इस रास्‍तेपर स्थित सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराएं।

2664 हेक्टेयर में विकसित होगी वरूण विहार

गौरतलब है कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर 2664 हेक्टेयर में वरूण विहार योजना प्राधिकरण विकसित करेगा। जिसके लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के ग्राम-भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा औैर दोना की जमीन किसानों, इन्‍वेस्‍टर्स और बिल्‍डर से एलडीए खरीदने की कोशिश कर रहा है।

यह भी पढ़ें- जागा LDA! नैमिष नगर व वरूण विहार के किसानों को अब नहीं बेचने देगा बिचौलियों को जमीन

निरीक्षण के दौरान एलडीए के चीफ इंजीनियर मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, ईई अजीत कुमार, मनोज सागर व विशाल यादव समेत इंजीनियर व अफसर मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- सड़क धंसने पर बोले अखिलेश, ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने उद्घाटन के फूल सूखने से पहले दिखा दिया अपना रंग